आरा। भोजपुर जिले के आरा शहरी इलाके से सटे सनदियां जैसे छोटे कस्बे के खेत- खलिहानों से गायकी की शुरुआत कर पहले बिहार और अब मुम्बई में धूम मचाने वाले छोटू छलिया एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपने अभिनय का जलवा बिखेरने को तैयार है। साल 2003 में हाय रे होठ लाली गाने से भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में इंट्री के साथ छा जाने वाले फिल्म स्टार व लोकगायक छोटू छलिया जल्द ही बड़े पर्दे पर भोजपुरी फिल्म ‘अनाथों के नाथ भोलेनाथ’ से वापसी को तैयार है। सीएच म्यूजिक व काका म्यूजिक वर्ल्ड की ओर से प्रस्तुत इस फिल्म का मुहूर्त सोमवार को ओशिवारा लिंक प्लाजा, अंधेरी वेस्ट, मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम के दौरान संपन्न हुआ। इस अवसर पर छोटू छलिया, फिल्म के निर्माता– निर्देशक समेत अन्य चर्चित चेहरे मौजूद रहे। मौके पर आरा निवासी छोटू छलिया ने कहा कि लंबे समय बाद एक बार फिर से इंडस्ट्री का हिस्सा बन कर अच्छा लग रहा है। यह फिल्म देवों के देव महादेव और अनाथों के नाथ भोलेनाथ को लेकर है। इसलिए भी इस प्रोजेक्ट से जुड़कर मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं।
उन्होंने फिल्म ‘अनाथों के नाथ भोलेनाथ’ के निर्माता सुरेंद्र सिंह बिष्ट और अरुण सिंह (भोजपुरिया काका) और निर्देशक विष्णु शंकर बेलु का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अरुण सिंह (भोजपुरिया काका) और विष्णु शंकर बेलु के कहने पर फिर से मैंने काम करना स्वीकार किया है। फिल्म के निर्माता – निर्देशक ने इस फिल्म को लेकर जो भरोसा मुझ पर दिखाया है मैं उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। उन्हें निराश नहीं करूंगा। मेरे फैंस को भी मुझसे काफी उम्मीदें हैं जिन्हें मेरे लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। उनके लिए मैं फिर से आ रहा हूं। इसको लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं। बता दें कि अरुण सिंह (भोजपुरिया काका), विष्णु शंकर बेलु और छोटू छलिया की दोस्ती जगजाहिर है। अरुण सिंह (भोजपुरिया काका) यूं तो सभी गायकों को पसंद करते हैं लेकिन छोटू छलिया उनके लाडले माने जाते हैं। इनकी दोस्ती की मिसालें फिल्म इंडस्ट्री में दी जाती हैं। फिल्म का संगीत भी छोटू छलिया ने आर आर पंकज के साथ मिलकर तैयार किया है और गीत आर आर पंकज का है। फिल्म की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। निर्माता – निर्देशकों के अनुसार फिलहाल फिल्म की कास्टिंग का काम जोर शोर से चल रहा है। फिल्म में भोजपुरी के महानायक अवधेश मिश्रा, देव सिंह और रोहित सिंह मटरू भी नजर आने वाले हैं। इसके अलावा फीमेल लीड का चयन अभी बाकी है। निर्देशक विष्णु शंकर बेलु ने फिल्म के बारे में बताया कि भले ही यह धार्मिक कथा पर आधारित कहानी वाली फिल्म है लेकिन इसका निर्माण हम नये सिरे से करेंगे जो दर्शकों का मनोरंजन भी करेगी। फिल्म में छोटू छलिया की वापसी शानदार होने वाली है जिससे पूरी इंडस्ट्री गौरवान्वित होने वाली है।
This post has already been read 6794 times!