धनबाद लोस क्षेत्र का तीन बार प्रतिनिधित्व करने वाले कॉमरेड ए.के. राय नहीं रहे

धनबाद। धनबाद लोकसभा क्षेत्र से तीन बार प्रतिनिधित्व करने वाले कॉमरेड ए.के. राय का निधन हो गया। राय ने रविवार सुबह बीसीसीएल के केंद्रीय अस्पताल में अंतिम सांसें लीं।
84 वर्षीय अरूण कुमार राय की तबियत बिगड़ने पर 8 जुलाई को उन्हें केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। राय बोलने तथा चलने में असमर्थ थे। बीमार पड़ने के बाद कुछ दिनों तक टेमल रॉड स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में रहे। उसके बाद नुनुडीह पाथरडीह स्थित पार्टी के पुराने कैडर सबूर गोराई के घर चले गए।
राय धनबाद लोकसभा क्षेत्र से तीन बार सांसद रह चुके हैं। इसके साथ ही सिंदरी क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं। उन्होंने मार्क्सवादी समन्वय समिति नाम से राजनीतिक पार्टी बनाई, जो आज भी अस्तित्व में है। वर्ष 1977 से लेकर 2009 के बीच 10 लोकसभा चुनाव में राय प्रत्याशी रहे, जिनमें तीन बार जीते। हालांकि 1991 से 2009 तक लगातार छह बार उन्हें चुनावी पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने पूर्व सांसद और पूर्व विधायक को मिलने वाली पेंशन और सुविधा लेने से मना कर दिया था। आगे चलकर स्वास्थ्य कारणों से राजनीति की मुख्यधारा से अलग हो गए।
कोयलांचल की राजनीति में बिनोद बिहारी महतो, कॉमरेड राय और शिबू सोरेन पुराने साथी थे। तीनों ने मिलकर वर्ष 1974 में झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था। बाद में मार्क्सवादी समन्वय समिति नाम की पार्टी बनाकर एके राय झामुमो से अलग हो गए थे। 

This post has already been read 8751 times!

Sharing this

Related posts