रांची। झारखंड में मानसून कमजोर हो गया है लेकिन अगलेे चार दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। राज्य में अबतक 224 मिमी बारिश हुई है, जो कि सामान्य रूप से कम है। रांची में पिछले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई। उत्तरी-पूर्व झारखंड में कहीं-कहीं भारी वर्षा भी दर्ज की गयी है। सबसे अधिक बारिश मसानजोर में दर्ज की गयी, जहां 70 मिमी बारिश हुई। वहीं जामताड़ा व दुमका में 50 मिमी बारिश हुई। गोविंदपुर, पाकुड़, पुटकी, महेशपुर, धनबाद व मधुपुर में 30 मिमी बारिश दर्ज की गयी। मौसम विज्ञान विभाग के रांची कार्यालय ने शुक्रवार को संभावना जताई है कि अगले चार दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। अनुमान है कि राज्य के उत्तरी पूर्वी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी लेकिन इस दौरान मानसून के कमजोर रहने की ही संभावना जताई गयी है। राजधानी रांची में भी 13 से 16 जुलाई तक सामान्यतः बादल छाये रहेंगे और इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। राज्य में अबतक 224 मिमी बारिश हो चुकी है, हालांकि 1 जून से 12 जुलाई तक सामान्य रूप से 321 मिमी बारिश राज्य में होनी चाहिए थी, लेकिन सूबे में अबतक सामान्य से 30 मिमी कम बारिश दर्ज की गयी। सबसे खराब स्थिति पाकुड़, रामगढ़, रांची, खूंटी, गोड्डा, गढ़वा, चतरा और बोकारो जिले की है, जहां सामान्य से 40 से 70 प्रतिशत कम बारिश हुई है।
This post has already been read 8656 times!