प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने जयंती पर नरसिम्हा राव को किया याद

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उनको याद किया है। प्रधानमंत्री ने उनके उस कालखंड को भी याद किया है जब देश मुश्किल दौर से गुजर रहा था, तब देश की सत्ता की बागडोर राव के हाथों में थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा है, ‘पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव एक महान विद्धान और प्रसिद्ध प्रशासक थे। उन्होंने मुश्किल समय में देश का नेतृत्व किया।देश के विकास के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों को हमेशा याद रखा जाएगा।’ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नरसिम्हाराव को याद करते हुए लिखा है कि पूर्व प्रधानमंत्री  पीवी नरसिम्हाराव को उनकी जयंती पर श्रद्धाजंलि आर्पित करता हूं। उन्होंने लिखा है कि उदासीनता में भी राव ने लगातार देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए काम किया। उनके इस योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। उल्लेखनीय है कि पीवी नरसिम्हा राव का जन्म 28 जून, 1921 को करीमनगर के आंध्र प्रदेश में एक सामान्य परिवार में हुआ था। उनके पिता पी. रंगा राव और माता रुक्मिनि अम्मा कृषक थे। राव ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा करीमनगर जिले के भीमदेवरापल्ली मंडल के कत्कुरू गांव में एक रिश्तेदार के घर रहकर ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद के उस्मानिया विश्वविद्यालय से स्नातक करने के बाद नागपुर विश्वविद्यालय के अंतर्गत हिस्लोप कॉलेज से लॉ की पढाई की। नरसिम्हा राव सन 1971 से 1973 तक आंध्र प्रदेश राज्य के मुख्यमंत्री भी रहे। सन् 1991 के आम चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा लोकसभा सीटों पर विजयी हासिल हुई पर उन्हें पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका। इसके बाद वे देश के प्रधानमंत्री चुने गए और उनको अल्पमत सरकार चलने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राव को भारत में कई प्रमुख आर्थिक परिवर्तन लाने का श्रेय भी दिया जाता है। उन्हीं के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था में ‘लाइसेंस राज’ की समाप्ति हुई और देश की अर्थव्यवस्था में खुलेपन का आरम्भ हुआ। 09 दिसम्बर, 2004 को राव को दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। 23 दिसम्बर, 2004 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया था।

This post has already been read 6420 times!

Sharing this

Related posts