नई दिल्ली। भारत माता मंदिर के संस्थापक निवृत्त शंकराचार्य पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज का मंगलवार को हरिद्वार में निधन हो गया। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने स्वामी के निधन पर दुख जताया है। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि हरिद्वार में भारत माता मंदिर के संस्थापक स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी जी महाराज के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। समन्वय सेवा फाउंडेशन की स्थापना की, जिसके माध्यम से पर्वतीय तथा जनजातीय क्षेत्रों के निर्धन लोगों को चिकित्सा, उपचार और शिक्षा उपलब्ध कराई और उनके उत्थान के लिए अनुकरणीय प्रयास किए। स्वामी जी ने अनेक शिक्षा संस्थाओं को स्थापित किया। आपने विश्वभर में भ्रमण कर सनातन धर्म के प्रचार के लिए अथक प्रयास किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कहा, स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी ने अध्यात्म और ज्ञान को प्रतिष्ठित किया। उन्होंने अपना जीवन गरीबों, हाशिए पर खड़े और दलितों के सशक्तीकरण के लिए समर्पित कर दिया। उन्हें भारत के समृद्ध इतिहास और संस्कृति पर बहुत गर्व था। इस दिव्य आत्मा को मेरी श्रद्धांजलि। ओम शांति। केंद्रीय गृहमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा, पद्मभूषण पूज्य गुरुदेव स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह ज्ञान, धर्म, आध्यात्म और सादगी के ऐसे प्रतीक थे जिन्होंने पूरे विश्व में सनातन संस्कृति की पताका फहराई। उन्होंने नर सेवा को नारायण सेवा मानकर अपना पूरा जीवन जनकल्याण को समर्पित किया। शाह ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि जी महाराज मां भारती के एक सच्चे उपासक थे, हरिद्वार का भारत माता मंदिर जिसका परिचायक है। उनके विचार, ज्ञान और दर्शन आने वाली पीढ़ियों को धर्म और राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करते रहेंगे। मैं उनके अनुयायियों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। ॐ शांति।
This post has already been read 6783 times!