नई दिल्ली केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बाबुल सुप्रियो ने कहा है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के अड़ियल रवैये से बंगाल सहित पूरा देश परेशान है। उनकी नीतियों के कारण आज देश भर में डॉक्टर हड़ताल कर रहे हैं और खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ रहा है।
संसद भवन में सोमवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बंगाल से सांसद सुप्रियो ने कहा कि ममता बनर्जी डॉक्टरों को मनाने की बजाय उन्हें धमका रही हैं। डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों का बुरा हाल है।मुख्यमंत्री मामले का संज्ञान ही नहीं ले रही हैं। सुप्रियो ने ममता पर आरोप लगाते हुए कहा कि वो राज्य में डॉक्टरों के खिलाफ ‘एस्मा’ लगाने की सोच रही हैं। उनके इस अड़ियल रवैये से पूरा देश परेशान है।
उल्लेखनीय है कि 10 जून को कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान 75 वर्षीय एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। उसके परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया और डॉक्टरों की पिटाई कर दी। इस हमले में दो जूनियर डॉक्टर बुरी तरह से घायल हो गए थे। बाद में इस घटना के विरोध में पूरे देश के डॉक्टर प्रदर्शन करने लगे हैं। उधर सोमवार को ही ममता बनर्जी ने डॉक्टरों की कुछ बातों को मानने पर सहमति जताई है। उन्होंने डॉक्टरों और सरकार के बीच होने वाली वार्ता के दौरान उसके लाइव कवरेज की बात भी मान ली है।
This post has already been read 6705 times!