हॉकी गांगपुर ओड़िसा को क्वार्टर फाइनल में 8-1 से रौंदकर झारखण्ड महिला हॉकी टीम सेमीफाइनल में

रांची। हरियाणा के हिसार में आयोजित 9वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैम्पियनशिप 2019 में   झारखण्ड हॉकी टीम मंगलवार को जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल मैच में हॉकी गांगपुर ओड़िशा से 8-1 गोल के बड़े अंतर से मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर गयी। मंगलवार के मैच में झारखण्ड की निक्की कुल्लू ने मैच के दूसरे मिनट में ही गोल कर आक्रमकता के साथ शुरुआत करते हुए 44वें एवं 54वें मिनट में कुल 03 गोल किए। वहीं प्रमोदिनी लकड़ा 23वें मिनट, रजनी केरकेट्टा 38वें मिनट, एलिन डुंगडुंग 41वें मिनट, महिमा टेटे 49 वें मिनट एवं दीपिका सोरेंग ने 58वें मिनट में 1-1गोल किये। टीम झारखण्ड लीग मैचों में हॉकी आंध्र प्रदेश को 09-00 तथा हॉकी कुर्ग को  25-0 एवं हॉकी उत्तर प्रदेश को 4-0 से  पराजित कर चुकी है। वहीं एक मैच में भारतीय खेल प्राधिकरण की टीम से 2-1 से उसे पराजय झेलनी पड़ी थी। टीम में सोनामति कुमारी, दीपिका सोरेंग, दीप्ति कुल्लू, महिमा टेटे, रजनी केरकेट्टा, रोपनी कुमारी, काजल बड़ा, प्रमोदिनी लकड़ा, प्रीति कुल्लू, नीरू कुल्लू, अंकिता डुंगडुग, किरण बड़ा, एली तिर्की, एडलिन बागे, निक्की कुल्लू, एलिन डुंगडुंग, निराली कुजूर, रश्मि होरो शामिल हैं। वहीं कोच के रूप में अनिता होरो और मैनेजर सुभिला मिंज हैं। टीम के सभी सदस्यों को हॉकी झारखण्ड के अध्यक्ष  भोलानाथ सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शशिकांत प्रसाद, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, संजीव झा, असुंता लकड़ा, महासचिव विजय शंकर सिंह, सीईओ रजनीश कुमार, सँयुक्त सचिव माइकल लाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने बधाई एवं अगले मैच के लिये शुभकामनाएं दी हैं।

This post has already been read 6295 times!

Sharing this

Related posts