रांची। झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने कुचाई इलाके में तड़के झारखण्ड पुलिस और कोबरा के जवानों पर उग्रवादियों द्वारा किये गये हमले की कड़े शब्दों में निन्दा की है। साथ ही घायल जवानों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की है।
मंगलवार को प्रदेश कॉंग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा राज्य से उग्रवाद के खात्मे को लेकर भाजपा सरकार का दावा खोखला साबित हुआ है। हाल की घटनाओं में अगर गौर किया जाय तो आज की घटना काफी गंभीर और सुनियोजित तरीके से किया गया हमला है। इसके पूर्व 20 मई को भी सरायकेला जिले में एक नक्सली हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे। 03 मई को खरसांवा में भाजपा कार्यालय पर हमला किया था। 26 अप्रैल को नक्सलियों ने पलामू में भाजपा कार्यालय उड़ा दिया गया था और 27 मई की घटना में पच्चीस जवान घायल हो चुके हैं। इन घटनाओं के बावजूद राज्य की रघुवर सरकार लगातार यह दावा करती रही है कि झारखण्ड में कानून-व्यवस्था की हालत ठीक है। सरकार को घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेनी चाहिए। भाजपा बयानबाजी करके नाकामियों पर परदा डालने की कोशिश न करे।
This post has already been read 7601 times!