अमेरिका के रेगिस्तान में गर्मी और लू लगने से 6 वर्षीय भारतीय लड़की की मौत

वाशिंगटन। अमेरिका में एरिजोना के रेगिस्तान में छह साल की भारतीय लड़की की भीषण गर्मी और लू लगने के कारण मौत हो गई है। एक मेडिकल परीक्षक और अमेरिकी सीमा गश्त विभाग ने शुक्रवार को बताया कि भारतीय लड़की गुरप्रीत कौर का शव अमेरिका-मैक्सिको सीमा के पास ल्यूकविले से 17 मील पश्चिम में रेगिस्तान में मिला। वह जल्द ही अपना सातवां जन्मदिन मनाने वाली थी। एरिजोना का तापमान उस समय 42 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। सूत्रों ने बताया कि लड़की की मां एक अन्य महिला के साथ उसे अन्य प्रवासियों के पास छोड़ कर पानी की तलाश में गयी थी। वे दाेनों ही रेगिस्तान में भटक गयीं और दोबारा अपने समूह तक नहीं पहुंच सकी। वे पांच भारतीय नागरिकों के समूह का हिस्सा थी जिसे मानव तस्कर मंगलवार को सीमा के पास छोड़ गये थे। अमेरिकी सीमा गश्त विभाग के एजेंट जीसस वासाविलबासो ने बताया कि लड़की की मां अौर एक अन्य महिला मंगलवार को पानी की तलाश में गयी थीं लेकिन वे रास्ता भटक गयीं। अगले दिन बुधवार सुबह करीब आठ बजे एक बॉर्डर पैट्रोल एजेंट ने उनके पैरों के निशान का पीछा कर उनकी तलाश की। चार घंटे बाद, बॉर्डर पैट्रोल एजेंट ने लड़की के शव को बरामद किया। गुरप्रीत इस साल एरिजोना के दक्षिणी रेगिस्तान में मरने वाली दूसरी प्रवासी बच्ची हैं।

This post has already been read 7570 times!

Sharing this

Related posts