लोकसभा चुनाव में थर्ड फ्रंट उतारेगा उम्मीदवार

रांची। राज्य में पहले और दूसरे चरण के चुनाव में थ्रर्ड फ्रंट सभी लोकसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा। इसके अलावा गाण्डेय विधानसभा सीट पर उप चुनाव में भी उम्मीदवार देगा। थ्रर्ड फ्रंट के घटक दलों के नेताओं ने मंगलवार को प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।
फ्रंट के समन्वयक एवं झारखंड नवनिर्माण दल के अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि लोहरदगा में निर्दलीय उम्मीदवार चमरा लिंडा और कोडरमा में प्रो. जयप्रकाश वर्मा को थर्ड फ्रंट समर्थन देगा। गाण्डेय विधानसभा सीट पर उप चुनाव में मुख्तार अंसारी को समर्थन देने की घोषणा की। साथ ही पलामू लोकसभा सीट पर बहुजन मुक्ति पार्टी के रामबचन राम, खूंटी से झारखंड नवनिर्माण दल के संजय तिर्की, सिंहभूम में आशा कुमारी रुण्डा, चतरा में बहुजन मुक्ति पार्टी के महेश बाण्डो को थर्ड फ्रंट समर्थन देगा।
सिंह ने कहा कि भाजपा संविधान पर चोट कर रही है। संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त करने की उसकी मंशा है। इसलिए पहला काम भाजपा को सत्ता से दूर करना है। भाजपा महंगाई और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही और 2047 का सपना बेच रही है जबकि नोटबंदी और जीएसटी से जनता त्रस्त हो चुकी है।
थर्ड फ्रंट के प्रमुख मीडिया प्रभारी पंकज मिश्रा ने एनडीए और आईएनडीआईए दोनों को एक नजर से देखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पहले विधायक और सांसदों को खरीद कर भाजपा दूसरों की सरकार गिरा कर सरकार बनाती थी। अब नया खेल शुरू कर दिया है। जनता के वोट देने के अधिकार को छीन लिया गया है। वोटों को सीधा खरीद लिया जा रहा है।
पंकज ने कहा कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सबसे पहले खेल शुरू हुआ। अभी सूरत और इंदौर में जनता को वोट देने से वंचित कर दिया गया। भ्रष्टाचार पर बड़ी बात करना भाजपा को शोभा नहीं देती। इलेक्टोरल बॉन्ड इतना ही पारदर्शी होता तो सुप्रीम कोर्ट को इसे असंवैधानिक नहीं कहना पड़ता। उन्होंने कहा कि थर्ड फ्रंट पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगा और बाद के चरणों में भी प्रत्याशी उतारेगा।
संवाददाता सम्मेलन में बहुजन सदान मोर्चा के उपाध्यक्ष अब्दुल खालिक, बहुजन मुक्ति पार्टी के अध्यक्ष मुरलीधर राम, कुसुम देवी, ज्योति भेंगरा, अधिवक्ता रंजीत महतो, वासुदेव भगत, डॉ. सतीश कुमार और किशोर कुमार वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।

This post has already been read 897 times!

Sharing this

Related posts