हमारे यहां हाउसफुल है, फिर भी मजबूत नेताओं को खींच लाएंगे पार्टी में : देवेंद्र फडणवीस

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्धा में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की विकास नीतियों पर जनता का भरोसा बढ़ा है। हम अगले पांच साल में राज्य को सूखा मुक्त राज्य बनाकर ही दम लेंगे। राज्य की जनता गठबंधन सरकार को पूर्ण बहुमत से जिताएगी। ईवीएम के मसले पर विपक्षी दलों के प्रस्तावित आंदोलन पर तंज कसते हुए सीएम ने कहा कि विपक्ष को आत्ममंथन करने की सख्त जरूरत है। विपक्ष को सच स्वीकार कर लेना चाहिए। हमारी पार्टी में जो इनकमिंग हो रही है, वह ऐसे ही नहीं हो रही। विकास नीतियों से प्रभावित होकर ही लोग पार्टी में आ रहे हैं। हमारे यहां हाउसफुल है लेकिन हम जनाधार वाले नेताओं को ही शामिल करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार से अमरावती से महा जनादेश यात्रा के जरिए पार्टी का जनाधार बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी का शुभारंभ किया है। केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने महा जनादेश यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। शुक्रवार को वर्धा में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच साल में भाजपा ने बहुत ही बढ़िया काम किया है। अगले पांच साल में राज्य को सूखे की समस्या से दूर कर दिया जाएगा। जनता ने पांच साल पहले हमारी पार्टी पर जो भरोसा जताया था, उसका लेखा-जोखा बताने के लिए ही वह महा जनादेश यात्रा के जरिए जन संवाद कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने ईवीएम मसले पर विपक्षी दलों के प्रस्तावित आंदोलन पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस राकांपा ने ही ईवीएम को अपनाया था, 15 साल सत्ता में भी रहे। अब हम सत्ता में काबिज हैं, आगे भी रहेंगे। इसलिए ईवीएम दोष देना उचित नहीं है। विपक्ष को खुद आत्ममंथन की जरूरत है कि उनके लोग पार्टी क्यों छोड़ जा रहे हैं। विरोधी दलों को अपने नेताओं की भगदड़ रोकने के लिए शपथ तक दिलाई जा रही है। हम आगे भी दूसरे जनाधार वाले मजबूत नेताओं को हमारी पार्टी में शामिल करेंगे। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि विदर्भ की जल सिंचाई योजना को बेहतर किया जा रहा है। उद्योगों के लिए सस्ते दर पर बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। विदर्भ के सभी बैकलॉग को पूरा किया गया है। केंद्र सरकार ने विदर्भ, मराठवाड़ा एवं महाराष्ट्र के लिए 190 जल सिंचाई योजनाओं को मंजूर किया है। इन योजनाओं पर 20 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च किया गया है। महाराष्ट्र को सूखामुक्त राज्य बनाने के लिए विदर्भ की सिंचाई योजना को नदी जोड़ योजना के जरिए पूरा किया जाएगा। तेलंगाना और गुजरात सरकार के साथ जल बंटवारे को लेकर करार हुआ है। बुलढाणा तक 480 किमी. लंबी टनल के जरिए पानी को संचित किया जाएगा। उत्तर विदर्भ, पश्चिम विदर्भ के चार चार जिलों को सिंचाई लाभ मिलेगा। नदियों में 100 टीएमसी व्यर्थ बह जाने वाले पानी के साथ ही गोदावरी घाटी से भी 170 टीएमसी पानी को संचित कर उसे विदर्भ व मराठवाड़ा को सूखामुक्त बनाया जाएगा। शुक्रवार को वर्धा के साथ ही सेलू तालुका के सेलू, केलझर, पवनार, बुटिबोरी व गआंव, कस्बा व शहर में जगह जगह जन संवाद किया गया। इस सभा मे बड़े पैमाने पर स्कूली छात्र भी शामिल थे। मुख्यमंत्री ने जनता व युवाओं से भाजपा सरकार बनाने की अपील की।

This post has already been read 8708 times!

Sharing this

Related posts