छत्रपति शिवाजी के वंशज उदयनराजे भोसले भाजपा में शामिल

नई दिल्ली । राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को झटका देते हुए महाराष्ट्र के सतारा से सांसद एवं छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज उदयनराजे भोसले शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। शनिवार सुबह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मौजूद रहे।

इस मौके पर अमित शाह ने कहा कि आज छत्रपति शिवाजी महाराज, जिन्होंने स्वदेश और स्वधर्म के लिए कठिन से कठिन समय में बहुत बड़ा वैचारिक आंदोलन शुरू किया और संघर्ष करके स्वराज की स्थापना की, उनके वंशज उदयनराजे भाजपा में आये हैं। मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से इनका हार्दिक स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र से जो परिणाम आए थे, उससे भी अच्छे परिणाम विधानसभा चुनाव में आएंगे। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार विधानसभा में भाजपा पहले से भी ज्यादा मजबूत होकर उभरेगी और हमारा गठबंधन तीन चौथाई से भी अधिक बहुमत के साथ सरकार बनाएगा। महाराष्ट्र का खोया हुआ गौरव लौटाने का काम देवेंद्र फडणवीस जी की सरकार कर रही है। शाह ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता मोदी जी के साथ 2014 से ही मन से जुड़ी है और 2019 में भी इसकी पुनरावृत्ति हुई। 

पार्टी में शामिल होने के बाद उदयनराजे भोसले ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने देश को ‘सर्वधर्म सम्भाव’ का एक विचार दिया था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भी उसी मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है। आज मैं भी इस वाक्य सूत्र के पीछे चलते हुए पार्टी से जुड़ गया हूं।

उल्लेखनीय है कि भोसले ने शुक्रवार को खुद सोशल मीडिया के जरिए भाजपा में शामिल होने की घोषणा की थी। उन्होंने आज सुबह ही अपना इस्तीफा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को सौंपा था।

This post has already been read 5790 times!

Sharing this

Related posts