आग लगने से घर में सो रहे दो बच्चों की मौत, एक की हालत गंभीर

छपरा। परसा थाना क्षेत्र की गंडक नदी के दियारा में स्थित बलिगांव के एक मकान में आग लगने से दो मासूमों की जलकर मौत हो गई और एक बच्चा बुरी तरह से झुलस गया है। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ियाें ने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस के अनुसार तीनों बच्चे बलिगांव निवासी अम्बिका साह के हैं। मृत मासूमों में लड़का कुंदन (5) और एक लड़ी सुहानी (8) शामिल है। आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। घर में रखा गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट होते ही पड़ोस के तीन और मकानों में आग लग गई।घर-गृहस्थी सब खाक हो गई। दरअसल, पड़ोसी के यहां तिलकोत्सव था। परिवार के सदस्य वहां शामिल होने गए थे। घर में आग लगने का जब तक पता चला, अंदर सो रहे तीनों बच्चे झुलस गए। दो की मौत हो गई, जबकि तीसरे बच्चे की हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह देर रात घटनास्थल पर पहुंचे थे। शनिवार की सुबह बीडीओ रजत किशोर सिंह और सीओ रामभजन राम भी आए। आग में चार मोटरसाइकिल, तीन साइकिल और चार बकरी भी जलकर खाक हो गई। नकदी, आभूषण, बर्तन, अनाज, कपड़ा आदि मिलाकर कुल 25 लाख की संपत्ति की क्षति पहुंची है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अंचल पदाधिकारी की ओर से पीड़ितों को राहत दिलाने की प्रक्रिया चल रही है।

This post has already been read 11223 times!

Sharing this

Related posts