रांची। झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हमें अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करना है। इसके तहत भाजपा सरकार की विफलताओं को आमजन के बीच उजागर किया जायेगा।
गुंजन सिंह रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्षों की बैठक में बोल रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी, किसान विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी और गरीब विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस इस चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित कराने में अहम भूमिका निभायेगी। इसके तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा जारी घोषणापत्र को लेकर जनता के बीच जाना है और घोषणापत्र की बिन्दुओं को जनता के समक्ष रखना है। महिला कांग्रेस की जो भी कार्यकर्ता अपने कार्य के प्रति कोताही बरतेंगी, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी। बैठक में देविका सिंह, गौरी मल्लिक, अनिता सिन्हा, संगीता टोप्पो, हेमा मिंज, नीलम सहाय, सीता राणा, मारिया ग्रोती टोप्पो, अमिता मिंज, फतुला मिंज, पार्वती सिंह आदि उपस्थित थीं।
This post has already been read 6031 times!