झारखंड भाजपा के टिकट की टिकटिक अब दिल्ली शिफ्ट हो गई है।

रांची । झारखंड भाजपा के टिकट की टिकटिक अब दिल्ली शिफ्ट हो गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह रविवार को दोपहर बाद दिल्ली पहुंचे। वहां भाजपा कार्यालय में इन नेताओं ने राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल और सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह के साथ लोकसभावार उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की।

बैठक में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा, सुदर्शन भगत, सांसद सुनील सिंह, राज्य सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा भी उपस्थित थे। प्रदेश भाजपा ने वर्तमान सांसदों समेत प्रत्येक सीट के लिए दो से तीन नामों के विकल्प पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं के समक्ष रखे हैं। जिस पर मंथन हुआ।

हालांकि, गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन को देखते हुए आज के सारे कार्यक्रम भाजपा ने स्थगित कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि वर्तमान सांसदों में पांच के नाम पर किसी को कोई आपत्ति नही है। इनमें सिंहभूम, हजारीबाग, लोहरदगा, जमशेदपुर और गोड्डा संसदीय सीट शामिल है। अन्य सीटों पर विकल्प का भी सुझाव दिया गया है।
कुछ सीटों पर वर्तमान सांसदों की सीटों को बदलने जैसे विकल्प भी भाजपा ने खुले रखें है। झारखंड में चौथे चरण से चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी इसलिए यहां के लिए प्रत्याशियों की घोषणा होली के बाद ही होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि हर सीट पर उम्मीदवारों के चयन को लेकर भाजपा काफी सतर्कता बरत रही है। वर्तमान सांसदों और उनकी लोकप्रियता को आधार बना कुछ हेरफेर की भी संभावना नजर आ रही है।

This post has already been read 6929 times!

Sharing this

Related posts