झारखंड की संस्कृति से परिचय कराती हैं पतरातू लेक रिसॉर्ट की दीवारें

रामगढ़ । प्राकृतिक छटा से भरपूर पतरातू इलाके के पतरातू डैम में लेक रिसॉर्ट बनाया गया है। झारखंड के पर्यटन एवं संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने इस रिसॉर्ट का निर्माण कराया है। इसकी दीवारें झारखंड की सांस्कृतिक छटा से पटी पड़ी हैं। झारखंड के ब्रास बैंड, प्रकृति प्रेम, सफाई अभियान, अध्यात्म से जुड़ी पेंटिंग, पर्यावरण संरक्षण, गुल्ली डंडा और यहां की किसानों की दशा दीवार पर उकेरी गई है।

इसके अलावा झारखंड के प्रसिद्ध गोदना कला को भी लोगों के बीच प्रस्तुत किया गया है। सबसे बड़ी बात यह है कि रिसोर्ट का मुख्य द्वार पूरी तरीके से गोदना कला से बनाया गया है। इस रिसॉर्ट के माध्यम से पर्यटन विभाग ने यह दर्शाने की कोशिश की है कि झारखंड में कला, संस्कृति और संगीत के कलाकारों की कमी नहीं है। पतरातू लेक रिसॉर्ट को पूरी तरीके से झारखंड के कलाकारों ने ही सजाया और संवारा है। इसके निर्माण में किसी दूसरे प्रदेश के कलाकारों को शामिल नहीं किया गया है। यहां आने वाले पर्यटकों को यह रिसॉर्ट वैसे ही लुभाएगा जैसे उत्तराखंड, हिमाचल और कश्मीर की वादियां उन्हें आकर्षित करती हैं। पर्यटन विभाग ने इस रिसोर्ट का निर्माण 11 नवंबर 2017 को शुरू किया था।

निर्माण कार्य को दो वर्षों के अंदर ही पूरा कर लिया गया। रामगढ़ डीसी संदीप सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग ने पतरातू को देश स्तर पर प्रसिद्ध करने की मुहिम चला रखी है। पतरातू डैम में अक्सर बॉलीवुड, पॉलीवुड के कलाकार शूटिंग करने आते रहते हैं। यह स्थान पर अब उनको झारखंड की संस्कृति से भी अवगत होने का मौका मिलेगा। साथ ही यहां उन्हें वहीं मजा मिलेगा जो मजा वह मुंबई में उठाते हैं।

This post has already been read 8272 times!

Sharing this

Related posts