गठबंधन में छह सीटें नहीं मिलने पर 16 पर उम्मीदवार उतारेगी भाकपा : मेहता

रांची। विधानसभा चुनाव के पहले चरण की अधिसूचना छह नवंबर को जारी होगी। इसके बावजूद अभीतक विपक्षी गठबंधन का स्वरूप तय नहीं हुआ है।
मंगलवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि गठबंधन के तहत अगर हमारी पार्टी को छह सीटें मिल जाती हैं तो गठबंधन में शामिल होंगे। अन्यथा राज्य के 16 विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी उम्मीदवार खड़ा करेगी। इनमें छतरपुर, सिमरिया, भवनाथपुर, बड़कागांव, रामगढ, मांडु, डुमरी, नाला, बोरियो, बेरमो, कांके, बहारागोरा, घाटशिला, सारठ, जरमुंडी, हजारीबाग  और बरकट्ठा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बहारागोरा और घाटशिला में से एक सीट पर पार्टी अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय मंगलवार को पार्टी के राज्य कार्यकारिणी की बैठक के बाद लिया गया। उन्होंने कहा कि तीन  और विधानसभा क्षेत्र हुसैनाबाद, गुमला, लातेहार पर भी पार्टी अपना उम्मीदवार देने का विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन की पक्षधर है।  हमारी पार्टी चाहती है कि भारतीय जनता पार्टी को  सत्ता  से  बेदखल करने के लिए पूर्ण गठबंधन  हो। जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर किया जा सके। लेकिन राज्य के अंदर सबसे बड़ी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा एवं कांग्रेस है, उनकी जवाबदेही है कि सभी छोटे-बड़े दलों को मिलाकर महागठबंधन बनाकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त दे।

उन्होंने कहा कि पूर्व में जो वार्ता हुई थी उसके अनुसार सभी दलों के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा खरा उतरने में असफल रही और दिल्ली में खिचड़ी पका रही है। जिससे लाल झंडे के लोग अपमानित महसूस कर रहे हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा के द्वारा मजबूत गठबंधन की पहल की जाती है तो हम शामिल होंगे और जिन छह विधानसभा क्षेत्रों का नाम चयन करके दिया गया है, उसपर बात बनती है तो ठीक है। अन्यथा चिन्हित किए गए सभी विधानसभा क्षेत्रों में हमारे उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। प्रेस कांफ्रेस में सहायक राज्य सचिव महेन्द्र पाठक, राजेंद्र यादव, पूर्व सचिव केडी सिंह, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य पीके पांडे और अजय सिंह मौजूद थे।

This post has already been read 6155 times!

Sharing this

Related posts