खाते में गई सहयोग राशि तो खिल उठे किसानों के चेहरे

रामगढ़ । किसानों के खाते में सहयोग की राशि ट्रांसफर हुई तो उनके चेहरे खिल उठे। शनिवार को लगभग 1 हजार से अधिक किसान रामगढ़ के गुरु नानक स्कूल के सभागार में मौजूद थे। वहीं डीबीटी के माध्यम से उनके मोबाइल में मैसेज आने शुरू हो गये। यह मैसेज हजारों किसानों के मुस्कान का साक्षी बन गया।मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत रामगढ़ के लगभग 19 हजार किसानों के खातें में प्रति एकड़ 2500 रूपए की अनुदान राशि का वितरण किया गया। मोबाइल में आए संदेशों को दिखाते हुए किसानों ने कहा कि ये राशि उनके खेती कार्यों के लिए किसी सौगात से कम नहीं। जिले के विभिन्न पंचायतों से आए किसानों को संबोधित करते हुए झारखण्ड राज्य 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने कहा कि हमारे देश की पहचान ही किसानों से होती है। किसानों की खुशहाली में ही देश की खुशहाली है। आज का दिन पूरे राज्य के किसानों के लिए सम्मान का दिन है। जब किसानों के खाते में करोड़ों रूपए की राशि दी जा रही है। ये सम्मान किसानों को आर्थिक रूप से संबल करेगा। किसानों को मिली अनुदान राशि उन्हें तकनीकी और आर्थिक सबलता प्रदान करेगा। 

सरकार किसानों के उत्थान के लिए कृतसंकल्पित: जयप्रकाश पटेल

माण्डू के विधायक जयप्रकाश पटेल ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसानों के उत्थान के लिए काम कर रही है। आज जिन किसानों को इस योजना का लाभ मिला है, उम्मीद है कि आज का दिन उनके जीवन में एक बदलाव लेकर आएगा। 

किसानों की आमदनी दोगुनी करना सरकार का लक्ष्य: उपायुक्त

उपायुक्त संदीप सिंह ने किसानों को संबांधित करते हुए कहा कि कृषि आशीर्वाद योजना का उद्देश्य किसानों की आमदनी को दोगुनी करना है। यह अनुदान राशि किसानों को बीज, उर्वरा एवं अन्य तकनीकी सामग्री खरीदने में मदद करेगी। रामगढ़ के शत-प्रतिशत किसानों को योजना का लाभ मिल सके इसके लिए प्रशासन दिन रात काम कर रहा है। सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। डीसी ने बताया कि जिले के कुल 42 हजार 419 किसानों को इस योजना का लाभ मिलेगा। उनकी सूची पर काम जारी है। आज किसानों को खरीफ की फसल के लिए पहली किस्त दी जा रही है। जल्द ही सभी किसानों को रबी फसलों के लिए दूसरी किस्त की राशि भी उनके खाते में भेज दिया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों के द्वारा किसानों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। 

This post has already been read 8362 times!

Sharing this

Related posts