भाभी-भतीजा की हत्या कर थाने पहुंचा युवक

जमशेदपुर जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र के चिंगड़ागांव में शुक्रवार की सुबह घरेलू विवाद में युवक ने अपनी भाभी और भतीजे की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने थानेे पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपित की सूचना पर घर पहुंचकर पुलिस ने मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि चिंगड़ागांव में आरोपित रतन टुडू ने जमीन जायदाद के विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह अपनी भाभी कापरा टुडू (42) और भतीजे हेमो टुडू (20) की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपित रतन टुडू का बड़ा भाई काबे टुडू झारखंड पुलिस में था और साल 2000 में देवघर में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोपित रतन ने पुलिस को बताया कि काबे ने दो शादी की थी। पहली पत्नी कापरा टुडू थी, जबकि दूसरी पत्नी का नाम रीना टुडू था। काबे की हत्या के बाद आरोपित रतन ने रीना टुडू से शादी कर ली। उसने बताया कि काबे की हत्या के बाद मिलने वाली नौकरी, रुपये और जमीन को लेकर भाभी से विवाद चल रहा था। बताया कि काबे की हत्या के बाद उसकी पत्नी कापरा को विभाग से मोटी रकम मिली थी, जिस पर देवर रतन टुडू की नजर थी। इसके अलावा जमीन-जायदाद को लेकर भी अक्सर विवाद होता रहता था। रतन ने पुलिस को बताया कि भाभी और भतीजा गांव में नहीं रहते। दोनों चाईबासा में रहते हैं और यदा-कदा ही आते थे। यहां आने पर खेतीबाड़ी को लेकर विवाद होता था। इसी नाराजगी में उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

This post has already been read 7092 times!

Sharing this

Related posts