गैरमजरुआ जमीन की रसीद नहीं कटने की बात अफ़वाह : भाजपा

लोहरदगा । भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा लोहरदगा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, गिरिडीह, धनबाद सहित अन्य जिलों में यह अफवाह फैलाई जा रही है कि गैरमजरूआ जमीन की रसीद नहीं कटेगी। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल गलत है। 

शाहदेव बुधवार को लोहरदगा में प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड कैबिनेट ने तीन जुलाई 2018 को निर्णय लिया था कि वर्षों से रह रहे या खेती कर रहे व्यक्तियों की गैरमजरूआ जमीन की रसीद कटेगी। कई लोगों के खतियान उपलब्ध न रहने अथवा अत्याधिक जर्जर अवस्था में होने के कारण उनका डिजिटाइजेशन नहीं किया जा सका था और सॉफ्टवेयर में खतियान से मिलान नहीं किए जाने के कारण कई लोगों का लगान रसीद निर्गत नहीं हो पा रहा था। इसके मद्देनजर कैबिनेट ने 11 जून 2019 को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सॉफ्टवेयर में अपेक्षित संशोधन के साथ अति शीघ्र कैंप लगाकर कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया था। 

शाहदेव ने बताया कि इस निर्णय के आलोक में सभी प्रमंडलीय आयुक्त एवं उपायुक्त को 14 जुलाई 2019 को निर्देश भी भेज दिया गया था। 18 जुलाई 2019 को राज्य सरकार ने सभी उपायुक्तों को राजस्व शिविर लगाकर उक्त आलोक में कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया था। कुछ स्वार्थी तत्वों द्वारा ही अफवाह फैलाई जा रही है कि वर्षों से गैरमजरूआ जमीन में रह रहे लोगों को बेदखल किया जाएगा और उनकी रसीद नहीं काटी जाएगी। यह पूरे तरीके से हताश और निराश शक्तियों का कारनामा है। 

This post has already been read 8995 times!

Sharing this

Related posts