जनता की समस्याओं का समाधान करना प्राथमिकता : संजय सेठ

रांची रांची लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद संजय सेठ ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए रांची लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत छह विधानसभा क्षेत्रों में जल्द ही समाधान केंद्र खुलेगा। जहां पर लोग अपनी समस्या को दर्ज करा सकते हैं। समस्याओं का निदान तुरंत किया जायेगा। इसके अलावा पंचायत भी लगायी जाएगी। सेठ शुक्रवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गरीब रथ ट्रेन के मूरी रेलवे स्टेशन पर स्टॉपेज व झारखंड में रेलवे जोन बने, इसे लेकर वह रेल मंत्री से मिलेंगे। रांची रेल डिविजन में यात्रियों को दिये जा रहे गंदे बेड रोल मामले में सेठ ने कहा कि रेलवे का इमेज खराब हो रही है। जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए वह जल्द ही रेल मंत्री से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता ने उन्हें चौकीदार बनाया है। वह उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। रांची की समस्याओं को वह संसद में जोर शोर से रखने का काम करेंगे। जनता को उनके पास आने की जरूरत नहीं है, वह खुद उनके दरवाजे पर जायेंगे। उन्होंने कहा कि पहले रांची का सांसद लापता रहता था लेकिन आपका सांसद आपके बीच में रहेगा। वह जनता के बीच सातों दिन रहेंगे और पांच सालों तक उनके बीच रहेंगे। उन्होंने कहा कि रांची के समग्र विकास के लिए नीति आयोग को रिपोर्ट देंगे। उन्होंने कहा कि वह हर समाज के लोगों के साथ बैठक करेंगे। संजय सेठ ने कहा कि हायर एजुकेशन के लिए यहां के विद्यार्थी बाहर जा रहे हैं। हमारी प्रतिभा अन्य जगह पलायन कर रही है। उन्होंने कहा कि रांची विश्वविद्यालय को केंद्रीय विवि का दर्जा मिले, इसके लिए वह केंद्र सरकार से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि चांडिल में विस्थापन की समस्या 35 वर्षों से थी। इसे झारखंड सरकार ने विकास के माध्यम से दूर किया। आज हाईकोर्ट का नया भवन बन रहा है, लेकिन किसी ने भी आवाज नहीं उठायी। उन्होंने कहा कि खलारी में कोयला का उठाव होता है, जिस कारण काफी प्रदूषण हो रहा है। इस संबंध में वह कोल इंडिया के अधिकारियों से वार्ता करेंगे। जनहित के सुविधाओं से खिलवाड़ नहीं होने देंगे। रांची में पानी की समस्या है। यह समस्या केवल नगर निगम की नहीं है, बल्कि भारत सरकार की भी है। अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध कराना होगा ताकि पानी की समस्या नहीं हो। उन्होंने कहा कि रांची में मल्टी स्टोरेज बिल्डिंग और मॉल नहीं बनना चाहिए, यह मेरा निजी विचार है। इससे ट्रैफिक और पानी की समस्या होती है। ट्रैफिक को दुरूस्त करने के लिए उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि बैंक, स्कूल सहित अन्य के समय में बदलाव किया जाये। एक बार यह प्रयोग करके भी देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजधानी रांची के बड़ा तालाब में रात्रि बाजार का आयोजन किया जा रहा है। यह बाजार रात्रि आठ बजे से 12 बजे तक खुला रहेगा। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही शहर में पौधरोपण का कार्य करेंगे। प्रेसवार्ता में रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार के अध्यक्ष परमा सिंह, प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेश सिंह आदि उपस्थित थे।

This post has already been read 5204 times!

Sharing this

Related posts