राजनीति घमासान : JDU में विलय की हो रही थी चर्चा, RLSP के दर्जनों नेता राजद में हो गए शामिल

पटना : उपेन्द्र कुशवाहा की पार्टी RLSP के JDU में विलय की चर्चा के बीच पार्टी के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुशवाहा, प्रधान महासचिव निर्मल कुशवाहा, प्रदेश अध्यक्ष महिला प्रकोष्ठ मधु मंजरी मेहता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विजय महतो सहित 3 दर्जन से अधिक नेता राजद में शामिल हो गए। तेजस्वी यादव और राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह की उपस्थिति में सबने राजद की सदस्यता ले ली।
रालोसपा के प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र कुशवाहा ने इस अवसर पर कहा कि हम सभी ने उपेन्द्र कुशवाहा को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है और रालोसपा का विलय राजद में कर रहे हैं। कहा कि आने वाले समय में बापू सभागार में बड़ा कार्यक्रम होगा और छूटे हुए साथी भी राजद के साथ आ जाएंगे।
RLSP प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा अपनी पार्टी का विलय JDU में कराने जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक 14 मार्च को उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी RLSP का विलय JDU हो जाएगा। इससे पार्टी के अंदर नेताओं में काफी नाराजगी है। 6 मार्च को भी RLSP के 41 नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने वाले RLSP नेता विनय कुशवाहा ने कहा था कि पार्टी अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने समुदाय को गुमराह किया है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि पार्टी के 90 फीसदी से भी ज्यादा कार्यकर्ता RLSP और JDU विलय के पक्ष में नहीं हैं।
RLSP नेताओं के RJD में शामिल होने के मौके पर तेजस्वी यादव ने कहा कि अब रालोसपा में अकेले उपेन्द्र कुशवाहा रह गए हैं। भूदेव चौधरी पहले ही राजद में आ चुके हैं और राजद के टिकट से चुनाव भी जीते। तेजस्वी ने कहा कि उपेन्द्र कुशवाहा कहा करते थे कि नीतीश कुमार जैसा दोस्त जिसके पास हो, उसे किसी दुश्मन की जरूरत नहीं। उसी उपेन्द्र कुशवाहा को नीतीश कुमार अब अच्छे लग रहे हैं। कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर नीतीश कुमार के खिलाफ कई आंदोलन उपेन्द्र कुशवाहा ने किए और जब बिहार बोर्ड की परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक हो रहे हैं, शिक्षकों की बहाली सरकार नहीं कर रही है तो उपेन्द्र कुशवाहा को यह सब नहीं दिख रहा है। जिनके लिए नीतीश कुमार ने नीच शब्द का इस्तेमाल किया वही उनके गुण गा रहे हैं।

This post has already been read 3563 times!

Sharing this

Related posts