पीएम नरेंद्र मोदी कर रहे हैं आधुनिक भारत का नव निर्माण : गिरिराज सिंह

बेगूसराय। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर जारी गांधी संकल्प यात्रा के चौथे दिन बेगूसराय के सांसद सह केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी जोरदार हमला किया। केशव शांडिल्य के नेतृत्व में तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र के बरौनी फ्लैग से शुरू संकल्प यात्रा बिढ़निया बाजार, कैड़ीबाड़ी, मिरचैया चौक, फुलवरिया, राजेंद्र रोड, बरौनी मुख्य बाजार होते हुए आरकेसी उच्च विद्यालय पहुंचा। जहां की छात्र-छात्राओं ने गिरिराज सिंह समेत तमाम पद यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। वहीं, पदयात्रा के दौरान कैड़ीबाड़ी में मुस्लिम समुदाय के सैकड़ों युवाओं ने तिरंगा लहराते हुए गिरिराज सिंह को फूल माला से लाद दिया। इस दौरान गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रगति और विकास के साथ-साथ समाज के निचले पायदान तक के लोगों का विकास कर रहे हैं। हरेक क्षेत्रों में उनकी नजर है, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किया जा रहा विकास, आधुनिक भारत के नव निर्माण की एक नई गाथा लिख रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गांधी जी के सपनों का भारत बनाकर देश को शिक्षित, स्वस्थ और समृद्ध बनाने का अभियान शुरू किया गया है। नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कई बड़े फैसले किए हैं। सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाया, जिसका फायदा पूरे देश को मिलेगा। सरकार ने एनआरसी लागू किया। बिहार और बंगाल में भी हर हाल में एनआरसी लागू होगा। तभी विदेशी घुसपैठिए हमारी जमीन को मुक्त करेंगे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों के ग्राम स्वराज को धरातल पर लागू कर रहे हैं। उनके विचारों को घर-घर तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव की हालत और लोगों की समस्याओं को जानने के लिए शुरू की गई इस यात्रा को विपक्ष नौटंकी समझता है। अगर इस ऐतिहासिक कार्य को विपक्ष नौटंकी समझता है तो मुझे यह नौटंकी पसंद है। क्योंकि हम पदयात्रा के माध्यम से जनता को पानी बचाने, स्वच्छता, शराबबंदी, पर्यावरण के लिए जागरूक कर रहे हैं। आज जब पूरी दुनिया सिंगल यूज प्लास्टिक से परेशान हो गई तो, कई विकसित देशों ने उस पर पूरी तरह से रोक लगा दिया। वहां की जनता ने भी उसका बहिष्कार किया। उसी प्रकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में सिंगल यूज प्लास्टिक के बहिष्कार को जन आंदोलन का रूप दे रहे हैं। यह अभियान कानून बनाने से नहीं, जनता को जागरूक होने से सफल होगा। यही हाल पर्यावरण का है, हम सबों को पर्यावरण के लिए संरक्षण की दिशा में आगे आना होगा। चाइना एक बहुत विकसित देश है, लेकिन वहां पर्यावरण प्रदूषण के कारण अब बड़े-बड़े घरों में ऑक्सीजन का सिलेंडर रखा जाता है। अपने देश की राजधानी दिल्ली में भी प्रदूषण की हालत बदतर है। वहां की सरकार ने कैसा विकास किया, यह समझ में नहीं आ रहा है। जहां घर-घर में ऑक्सीजन सिलेंडर रखना पड़ेगा। हमारे पूर्वजों ने खूब वृक्ष लगाया, लेकिन आजादी के बाद की सरकारों ने ध्यान नहीं दिया तो प्रदूषण की हालत बदतर हो गई है। जिसे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समझा, इसके बाद लोगों को जागरूक कर रहे हैं। वृक्षारोपण करवा रहे हैं, उसकी महत्ता बता रहे हैं। लोग पानी बर्बाद कर रहे हैं, सोचते हैं पानी तो पानी है। लेकिन पानी को अपना सोचें, खेत में जरूरत के अनुसार ही पानी दें, क्योंकि पानी का लेयर दिनों दिन गिरता जा रहा है। इस अवसर पर कार्यक्रम प्रभारी अमर कुमार ने मौजूद लोगों को जल जीवन हरियाली, सिंगल यूज प्लास्टिक बहिष्कार, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कुमार सिंह, पूर्व विधायक श्रीकृष्ण सिंह, पूर्व विधायक ललन कुंवर, वरिष्ठ भाजपा नेता अमरेंद्र कुमार अमर, भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक कुंदन कुमार, जिला संयोजक सुमित सन्नी, संकल्प यात्रा के मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार वीरेश, भाजपा के जिला महामंत्री कृष्ण मोहन पप्पू जिला मंत्री कुंदन भारती समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

This post has already been read 10348 times!

Sharing this

Related posts