भीड़ ने एक को पीट-पीटकर मार डाला, दो अन्य की हालत गंभीर

खूंटी । प्रशासन के लाख प्रयास के बाद भी झारखंड में माॅब लिंचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। गो तस्करी के आरोप में रविवार को कर्रा थाना के सुआरी जलडंडा गांव में भीड़ ने तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी। भीड़ की पिटाई से लरंतुस बारला की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। वह रांची जिले के लापुंग थाना के गोपालपुर गांव का रहने वाला था।
इस घटना में दो अन्य की पिटाई की वजह से हालत गंभीर है। ग्रामीणों की पिटाई से महुआटोली लरता निवासी फागु कच्छप और सुआरी के फिलिप होरो गंभीर रूप से घायल हो गये।

फागु को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया है। फिलिफ का यहीं इलाज हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी अमोल वेणुकांत होमकर, उपायुक्त सूरज कुमार, प्रभारी एसपी आशुतोष शेखर, एसडीएम प्रणब कुमार पाल सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की।

डीआईजी होमकर ने बताया कि रविवार को लगभग दस बजे कर्रा के थाना प्रभारी को जानकारी मिली कि कुछ लोग प्रतिबंधित मांस बेचने के आरोप में तीन लोगों की पिटाई कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस सुआरी गांव पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। डीआईजी ने बताया कि सुआरी के ग्रामीणों को जानकारी मिली कि कुछ लोगों द्वारा गांव में प्रतिबंधित मांस बेचा जा रहा है। इतना सुनते ही कुछ ग्रामीण वहां जमा हो गये और तीन लोगों की बेरहमी से पिटाई करने लगे।

इससे एक व्यक्ति लरंतुस बारला ने वहीं दम तोड़ दिया। डीआईजी ने बताया कि पुलिस पांच संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी स्थिति पर निगाह बनाये हुए है।   

This post has already been read 7337 times!

Sharing this

Related posts