नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था के लिए अवैध घुसपैठियों को बड़ी समस्या बताते हुए यहां भी असम की तर्ज पर राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) की जरूरत बताई है।
शनिवार को तिवारी ने असम में एनआरसी की अंतिम सूची जारी होने का स्वागत करते हुए कहा कि गृह मंत्रालय और असम सरकार के इस कदम से आतंकवाद पर गहरी चोट लगेगी। उन्होंने कहा कि देश में अपनी पहचान छिपाकर रहने वाले अपराधियों पर भी इससे अंकुश लगेगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में स्थिति खतरनाक होती जा रही है, इसलिए यहां भी एनआरसी की आवश्यकता है।
तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में अवैध प्रवासी बस गए हैं, वे सबसे खतरनाक हैं। हम उन्हें बाहर करने के लिए एनआरसी को यहां भी लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि दिल्ली में एनआरसी का होना बहुत जरूरी है। मेरा पूरा विश्वास है कि जो घुसपैठिए आए हैं और दिल्ली में बस रहे हैं, वे पूरे देश में सबसे ज्यादा खतरनाक हैं। उन पर भी एनआरसी की कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा की तरफ से हमारा यही मत है और समय मिलते ही हम इसको लागू करके रहेंगे।
मनोज तिवारी ने कहा कि जो लोग अवैध तरीके से भारत में घुस आए हैं, उन्हें तो जाना ही पड़ेगा। लेकिन भारतीय नागरिकों को इससे चिंतित होने की जरूरत नहीं है। सरकार समय-समय पर लोगों को नागरिकता सिद्ध करने का मौका देती है।
This post has already been read 7350 times!