भाजपा झाविमो को तोडने का कितना भी प्रयास कर ले, पार्टी को कोई नहीं रोक सकता : बाबूलाल

रांची । झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा उनकी  पार्टी को तोडने का जितना भी प्रयास कर ले, लेकिन अब झारखंड की राजनीति में झाविमो को कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गठबंधन की चिंता छोडकर चुनाव की तैयारी में जुट जायें। 2019 का चुनाव झाविमो का होगा। मरांडी बुधवार को पार्टी कार्यालय में झाविमो महानगर की विस्तारित बैठक में बोल रहे थे। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने की।

मरांडी ने कहा कि हम गठबंधन के विरोधी नहीं है, लेकिन लोकतंत्र में गठबंधन स्थायी व्यवस्था नहीं है। 25 सितम्बर को होने वाले प्रभात तारा मैदान में पार्टी का जनादेश समागम से तय हो जायेगा कि राज्य की जनता किसके साथ खड़ी है। मरांडी ने कहा कि धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छोड़कर किसी भी राजनीतिक दल ने राजनीतिक आयोजन नहीं किया, लेकिन झाविमो ने यह चुनौती स्वीकार किया है। इससे पहले भी पार्टी ने 2006 में परिवर्तन महारैली और 2009 में कूटे महाधिवेशन कर माइल स्टोन बनाया था और 25 सितम्बर का जनादेश समागम भी राज्य की राजनीति में मिल का पत्थर साबित होगा।

मरांडी ने झाविमो महासचिव और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की की गिरफ्तारी पर उन्होंने सरकार और भाजपा को घेरते हुए कहा कि रघुवर सरकार चाहे झाविमो को तोड़ने के लिए जितनी भी ताकत लगा ले, राज्य की राजनीति में अब झाविमो को कोई भी ताकत नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी पार्टी को परेशान करने के लिए सरकार तरह तरह के हथकंडा अपना रही है। राज्य की जनता इसका जबाब विधानसभा चुनाव में देगी। मरांडी ने कहा कि भाजपा को सबसे ज्यादा चिंता झाविमो से है। झाविमो को राज्य की जनता अब दिलों में बसा चुकी है। अगर भाजपा के लोग जनता के दिलों में होते तो यहाँ के मुख्यमंत्री सिर्फ होर्डिंग और अखबारी विज्ञापनों में नही दिखते। उन्होंने कहा कि राज्य  में भ्रष्टाचार चरम पर है। बगैर पैसा के कोई भी कार्य जनता का नहीं हो रहा है। मरांडी ने कहा कि अगर सही से जांच हुई तो राज्य के मुख्यमंत्री जेल के सलाखें में नजर आएंगे। राज्य की जनता इस बार बदलाव का मूड बना चुकी है। रघुवर दास झारखंड में कितना भी राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का कार्यक्रम करवा लें, इस बार जनता राज्य की राजनीति से मुक्त कर देगी।

बैठक में सबा अहमद, पूर्व महानगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता, प्रवक्ता सुनीता सिंह, युवा मोर्चा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव जितेंद्र वर्मा, सुचिता सिंह,मोइन अंसारी, नजीबुल्लाह खान,  विनीता मुंडा आदि उपस्थित थे।

This post has already been read 7063 times!

Sharing this

Related posts