लोहरदगा में पुलिस मुखबिरी के आरोप में नक्सलियों ने की ग्रामीण की गोली मारकर हत्या

लोहरदगा। लोकसभा चुनाव के बाद अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए नक्सली घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया है। इसी दौरान लोहरदगा जिले के सुदूरवर्ती नक्सल प्रभावित पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल गांव में भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के जोनल कमांडर रवीन्द्र गंझू के दस्ते ने पुलिस मुखबिरी के आरोप में ग्रामीण दिलीप भगत की गोली मार कर हत्या कर दी है। घटना शुक्रवार देर रात की है। घटनास्थल घोर नक्सल प्रभावित और सुदूरवर्ती जंगली क्षेत्र होने की वजह से पुलिस को शनिवार को इस मामले की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस शव की बरामदगी और आगे की कार्रवाई में जुट गयी। घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है। बताया जाता है कि दिलीप भगत को नक्सलियों से लगातार धमकी मिल रही थी। इस वजह से वह पेशरार थाना में ही शरण लिये हुए था। पिछले चार-पांच दिनों से अपने गांव गया हुआ था। इसी दौरान नक्सलियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि दिलीप एसपीओ भी था, हालांकि  अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। दिलीप के भाजपा में भी सक्रिय रहने की बात कही जा रही है। एसपी प्रियदर्शी आलोक ने घटना की पुष्टि की है। इधर एसडीपीओ जितेंद्र कुमार सिंह पूरे मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुट गए हैं।

पिछले एक साल में नक्सलियों ने की 23 लोगों की हत्या

झारखंड में पिछले 1 साल के दौरान पुलिस का मुखबिर बता कर 23 लोगों की नक्सलियों ने हत्या कर दी। इसमें रांची में 3, चाईबासा में 4, खूंटी में 5, सिमडेगा में 4 , गिरिडीह में 4 , लोहरदगा में 1 और चतरा में 2 लोगों की हत्याएं शामिल हैं।

This post has already been read 9192 times!

Sharing this

Related posts