लापता दो सगे भाइयों के शव बरामद, चार गिरफ्तार

रांची । रंका थाना क्षेत्र के प्रेमनगर से लापता दो भाइयों के शव बुधवार को पुलिस ने जंगल से बरामद कियेे है। दोनों भाइयों की हत्या के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने गढ़वा-रंका मार्ग के लोटो गांव में सड़क जाम कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। 

बताया गया कि रविवार की दोपहर से 227 भेड़ों के साथ दोनों भाई  विजय पाल और अनील पाल लापता हो गये थे। परिजनों से पुलिस को जानकारी दी थी। लेकिन पुलिस दो दिन तक दोनों भाई का कोई सुराग नहीं ढूंढ सकी थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों भाइयों के शव को बरामद कर लिया। दोनों भाइयों के शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। ग्रामीणों ने इस घटना की जांच करा दोषी पुलिस पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई करने, हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने, विजय और अनील पाल के भेड़ों की खोज करने और मृतक के आश्रितों को मुआवजा देने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस अगर इस घटना को गंभीरता से लेती तो दोनों भाइयों की हत्या नहीं होती। 

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है। खबर लिखे जाने तक गढ़वा-रंका मार्ग पर जाम लगा हुआ था और सड़क जाम के कारण इसके दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी है।

रंका एसडीपीओ मनोज कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया से भेड़ चराने को लेकर हुए विवाद के चलते हत्या का मामला सामने आ रहा है। पुलिस हत्या के पीछे अन्य वजहों की भी जांच कर रही है। दोनों भाई की गला रेत कर हत्या की गयी है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ कर रही है।

This post has already been read 5655 times!

Sharing this

Related posts