ममता को मिल सकता है आजसू के दिग्गज नेता को हराने का इनाम

रामगढ़ । रामगढ़ विधानसभा से आजसू के गढ़ को ध्वस्त करने वाली ममता देवी को महागठबंधन की ओर से इनाम मिल सकता है। सियासी गलियारे में यह चर्चा है कि ममता देवी ने वह सीट जीती है जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी।रामगढ़ सीट पर पिछले 15 वर्षों से आजसू के दिग्गज नेता पूर्व मंत्री व गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने अपनी सत्ता कायम कर रखी थी। इसबार चंद्रप्रकाश चौधरी की पत्नी सुनीता चौधरी मैदान में थीं।

इस सीट को बचाने के लिए चंद्रप्रकाश चौधरी ने एड़ी चोटी का जोर लगा रखा था। हर बैठक और मिलन समारोह में खुद पूर्व मंत्री व गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी शामिल हो रहे थे। यहां तक कि उनकी ताकत का अंदाजा उनके धनबल से भी लगाया जा रहा था। जिसके आगे टिक पाना किसी के बूते की बात नहीं थी। ऐसे माहौल में इतने बड़े कद्दावर नेता से रामगढ़ विधानसभा छीनकर कांग्रेस की झोली में डालने वाली ममता देवी को मंत्री बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने दावा ठोका है।

चर्चा यह भी है कि 29 दिसंबर को जब महागठबंधन के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शपथ ग्रहण करेंगे, उस वक्त उनके साथ मंत्री पद के लिए ममता देवी भी शपथ ग्रहण करेंगी। हालांकि अभीतक विभागों के बारे में चर्चा नहीं हो रही है। कुछ कांग्रेस के वरीय नेताओं ने सोशल मीडिया पर भी इस बात का खुलासा किया है कि कांग्रेस की ओर से अगर पूरे प्रदेश में कोई एक मंत्री बनेगा तो वह मंत्री ममता देवी होंगी। हालांकि कांग्रेस बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में हैट्रिक लगाने वाले योगेंद्र साव के परिवार की बेटी अंबा प्रसाद को भी मंत्री बनाने पर विचार कर रही है।

लेकिन ममता देवी ने जो कमाल कर दिखाया है उसके लिए कांग्रेस उन्हें इनाम के तौर पर मंत्री पद देगी। हेमंत सोरेन ने भी उन्हें मंत्री बनाने का मन बनाया है। अब देखना यह है कि 29 दिसंबर को हेमंत सोरेन के साथ ममता देवी खड़ी रहती हैं या अंबा प्रसाद।

This post has already been read 8066 times!

Sharing this

Related posts