लोकसभा चुनाव राष्ट्रवादी और सेना का मनोबल तोड़ने वाली शक्तियों के बीच : भाजपा

लोहरदगा/रांची। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि देश के लिए महत्वपूर्ण लोकसभा चुनाव में जनता के सामने दो विकल्प हैं। पहला भाजपा की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी शक्तियां हैं, जिन्होंने सेना के पराक्रम को हमेशा सराहा है। दूसरा, कांग्रेस की नेतृत्व वाली ऐसी शक्तियां हैं, जिन्होंने सेना से उनकी कार्रवाई का लगातार सबूत मांगा है।
प्रतुल सोमवार को लोहरदगा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले दिग्विजय सिंह, फिर नवजोत सिंह सिद्धू और उसके बाद सैम पित्रोदा सहित दर्जनों कांग्रेसी नेताओं ने बालाकोट हमले पर सेना का मनोबल तोड़ने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में जनता को आतंकवाद की कमर तोड़ने वाले भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन को चुनना है या फिर हाफिज सईद, अजहर मसूद, ओसामा जैसे आतंकवादियों को ‘जी’ और ‘साहब’ कहकर संबोधित करने वाली कांग्रेस और उसके नेताओं को।
प्रतुल ने कहा कि झारखंड में जनता को भाजपा की नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी गठबंधन और विपक्ष के ठग्स ऑफ हिंदुस्तान गठबंधन के बीच में चुनाव करना है। अब तो विपक्षी गठबंधन में सिर्फ कांग्रेस और झामुमो ही बचे है। स्पीकर के आदेश के बाद झाविमो का अस्तित्व ही समाप्त हो गया है। राजद भी नेता और कार्यकर्ता विहीन हो गया है। उन्होंने इस बात पर गहरी चिंता जताई कि विदेशों से फंड प्राप्त करने वाले और धर्मांतरण में लिप्त कुछ प्रमुख एनजीओ विपक्षी गठबंधन के साथ खुलकर सामने आ रहे हैं और तस्वीरें भी खिंचा रहे हैं। प्रतुल ने कहा कि समाज सेवा की आड़ में राजनीति कतई उचित नहीं है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि इसबार का चुनाव विकास करने वाली शक्तियों और विकास विरोधी शक्तियों के बीच है। एक तरफ राष्ट्र का सजग चौकीदार है और दूसरी तरफ जमानत पर छूटे भ्रष्टाचारी हैं, जिन्होंने करोड़ों का घोटाला किया है। देश के चौकीदार ने 100 का 100 पैसा गरीबों के खाते में पहुंचाया। जबकि कांग्रेस पार्टी के जमाने में 85 प्रतिशत राशि बिचौलिए खा जाते थे। कांग्रेस और भाजपा के विकास के मॉडल का मूलभूत अंतर यही है।उन्होंने कहा की प्रधानमंत्री ने गांव, गरीब, किसान दलित, शोषित, वंचित के लिए पांच वर्षों तक सेवा की। देश का स्वाभिमान जगाया। आज गरीबों के पास पक्के मकान हैं। शौचालय, बिजली, पढ़ाई और दवाई की सुविधा है। इस देश में मूलभूत सुविधाओं का विकास हुआ। देश विकास की पटरी पर आकर खड़ा हुआ। विकास की गति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ाने के लिए फिर एकबार मोदी सरकार के लिए देश की जनता संकल्पित है।

This post has already been read 5484 times!

Sharing this

Related posts