सियोल। दक्षिण कोरिया ने साल 1950-53 के बीच हुए कोरियाई युद्ध में अहम भूमिका निभाने के लिए भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल (स्वर्गीय) ए.जी. रंगराज को अपने देश के सबसे बड़े युद्ध सम्मान ‘वार हीरो’ से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह जानकारी शुक्रवार को मीडिया रिपोर्ट से मिली। विदित हो कि साल 2020 में इस युद्ध को 70 साल होने जा रहे हैं। इस अवसर पर दक्षिण कोरिया की ओर से इस सम्मान की घोषणा की गई है। दरअसल, दक्षिण कोरिया के वार-वेटरन मंत्रालय की ओर से हर साल युद्ध की याद में इस सम्मान की घोषणा की जाती है। उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट कर्नल ए. जी. रंगराज की अगुवाई में 60वीं पैराशूट फील्ड एंबुलेंस ने उत्तर और दक्षिण कोरिया के बीच हुई लड़ाई में चलित सेना सर्जिकल हॉस्पिटल का संचालन किया गया था। भारत की ओर से यह सुविधा तीन साल के लिए शुरू की गई थी। इसके लिए बाद में रंगराज को महा वीरचक्र से भी सम्मानित किया गया था। अब सियोल स्थित कोरियाई युद्ध स्मारक में अगले साल जुलाई 2020 में लेफ्टिनेंट कर्नल ए.जी. रंगराज की बड़ी तस्वीर लगाई जाएगी। इस मेमोरियल में भारत के नाम का एक अलग खंड बनाया गया है। इसके साथ ही कोरिया के कई सार्वजनिक स्थल पर भी बड़े कटआउट को लगाया जाएगा।
This post has already been read 5867 times!