पुलिस प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी में झारखंड के स्टॉल की सराहना

रांची । केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गुजरात के केवाड़िया में आयोजित पुलिस प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी में झारखंड पुलिस टीम द्वारा किये गये कार्यों की सराहना की गयी। झारखंड पुलिस की ओर से समर्पित तकनीकी नोट को प्रदर्शनी की जांच समिति ने अनुमोदित किया।31 अक्टूबर को शुरू हुई इस प्रदर्शनी का समापन 06 नवम्बर को होगा। इसमें झारखंड सहित देश के 12 राज्यों और नौ कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने भाग लिया।

प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। प्रधानमंत्री ने पुलिस टेक्नोलॉजी एग्जीबिशन स्टॉल का निरीक्षण किया और झारखंड पुलिस टीम की सराहना की।झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को  बताया गया कि उक्त प्रदर्शनी में झारखंड पुलिस की ओर से विकसित आम जनता के लिए जारी विभिन्न प्रकार की ऑनलाईन सेवाएं को प्रदर्शित किया गया। इनमें झारखंड ऑनलाइन एफआइआर सिस्टम, समाधान पोर्टल, ई-चालान, शक्ति ऐप आदि शामिल है।

इनके अलावा भौगोलिक सूचना सिस्टम, कोर्ट प्रोसेस मैनेंजमेंट सिस्टम, नक्सल सूचना सिस्टम, झारखंड कॉप ऐप तथा प्राइवेट क्लाउड डाटा सेंटर को भी प्रदर्शित किया गया। झारखंड पुलिस टीम का नेतृत्व विशेष शाखा के डीआईजी अखिलेश झा ने किया। उन्होंने झारखंड पुलिस की सूचना एवं तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धियों से संबंधित प्रेजेंटेशन भी दिया। टीम में डीएसपी सुमित लकड़ा, प्रभात कुमार, अजय कुमार साह, गुंजन कुमार, तरुण स्वेण और धनेश कुमार शामिल थे। 

This post has already been read 7672 times!

Sharing this

Related posts