भाजपा की सरकार ने जो कहा, उसे पूरा किया : रघुवर दास

सिमडेगा। झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिमडेगा में गुरुवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में हमारी सरकार ने सभी सेक्टरों पर सकारात्मक काम करके दिखाया है। सिमडेगा जिला के सभी सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरों तक पेवर ब्लॉक की सड़कें, सौर ऊर्जा के तहत बिजली पहुंचाना और पाइपलाइन से पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया है। वर्ष 2024 तक हर घर में नल से जल पहुंचे यह सरकार की प्राथमिकता है। पिछले पांच वर्षों में भाजपा की सरकार ने राज्य की जनता से जो वादा किया था उसे पूरा करने का काम किया है। हमारे वादे और इरादे में कोई फर्क नहीं है। भाजपा की सरकार जो वादा करती है उसे पूरा करके ही दम लेती है।

नारी सशक्तीकरण रही है प्राथमिकता

रघुवर दास ने कहा कि झारखंड की नारी शक्ति काफी ईमानदार और मेहनती हैं। राज्य की आदिवासी महिलाओं ने खेती कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी संभाला है। नारी शक्ति ने ही घर की कुटुंब व्यवस्था को संरक्षित करने का कार्य किया है। परिवार और घर की इस शक्ति को हमें राज्य और राष्ट्र की शक्ति बनानी है।  दास ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में भाजपा की ही सरकार ने महिला सशक्तीकरण के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। राज्य में वर्तमान समय में दो लाख 17 हजार से अधिक सखी मंडल का गठन किया जा चुका है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत राज्य की महिलाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य सरकार ने किया है। 500 करोड़ रुपये की राशि का रेडी टू ईट बनाने का काम सखी मंडल की विधियों को दिया गया है। सखी मंडल की विधियां पोस्टिक एवं हाइजेनिक रेडी टू ईट बनाकर आंगनबाड़ी और स्कूलों में सप्लाई कर रही हैं। इस 500 करोड़ रुपये की राशि से महिलाओं को रोजगार का एक संसाधन भी दिया गया है। भाजपा की सरकार ने बेटियों के सर्वांगीण विकास के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है। 

रघुवर दास ने कहा कि मैं ऐसा मानता हूं पहले विद्यादान फिर कन्यादान तभी बेटियां सुरक्षित और समृद्ध हो सकेंगी। इसे देखते हुए राज्य में मुख्यमंत्री सुकन्या योजना की शुरुआत की गई है। अब प्रति बेटी राज्य सरकार 70000 की राशि उनके विकास के लिए खर्च कर रही है।  राजनीति में धर्म जाति हावी नहीं होनी चाहिए। आप एक कमल खिला कर रांची भेजें। मैं विश्वास दिलाता हूं कि सिमडेगा जिला गरीबी मुक्त जिला बनेगा। सिमडेगा जिला को समृद्ध जिला बनाने का संकल्प मैंने लिया है।

बेटियों को रोजगार से जोड़ना लक्ष्य

राज्य की हर बेटियों को रोजगार से जोड़ना सरकार का लक्ष्य है। भाजपा ने घोषणा पत्र में जारी किया है कि हर बीपीएल परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी दी जायेगी, ताकि आने वाली पीढ़ी गरीबी की जिंदगी ना जिये, यह भाजपा सरकार की प्राथमिकता है। रघुवर दास ने सभी से अपील की कि गरीबी समाप्त करना है तो बच्चे-बच्चियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दें भाजपा की सरकार सदैव आपके साथ हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में हुआ बेहतर काम

 दास ने कहा कि हमारी सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में सकारात्मक कार्य किया है। पिछले पांच वर्षों में राज्य के सभी स्कूलों में बेंच डेस्क की सुविधा दी गई है। साल 2014 से पहले राज्य के स्कूलों में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ने के लिए मजबूर थे, उस स्थिति को हमारी सरकार ने बदलने का काम किया है।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहली बार राज्य में 108 एंबुलेंस की शुरुआत की गयी है। किसी भी तरह की बीमारी होने पर 108 में फोन करने पर 15 से 20 मिनट में एंबुलेंस आपके पास पहुंचती है। रघुवर दास ने कहा कि अभी भी स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड पीछे है। राज्य के अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स, एएनएम की बहाली नहीं हुई थी। हमारी सरकार ने इन सभी पदों पर नियुक्ति करने का कार्य कर दिखाया है, आगे भी जो पद खाली हैं, उन्हें शीघ्र भरा जाएगा।

झारखंड मुक्ति मोर्चा और अन्य विपक्षी दलों से समर्थित सरकार ने राज्य में 14 साल तक स्थानीय नीति नहीं बनाकर सरकारी रिक्तियों को रोके रखा। झारखंड के युवक-युवतियों को धोखा दिया। रघुवर दास ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद स्थानीय नीति लागू की गई। झारखंड में ऐसी स्थानीय नीति बनायी गयी, जहां झारखंड के बच्चे बच्चियों को ही नौकरी दी जा रही है। हमारी सरकार ने प्राथमिक और मध्य विद्यालय में शिक्षकों की नियुक्ति की है। 95 प्रतिशत  शिक्षक इसी राज्य से नियुक्त किए गए।

दास ने कहा कि झारखंड में 14 वर्ष आतंक का शासन रहा। हमारी सरकार ने उग्रवाद को खत्म करने का काम किया है। हमारी पुलिस और जनता की भागीदारी से यह सफल हो पाया है।  हमारे राज्य में जो अब छिटपुट उग्रवादी गतिविधियां बची हैं। इसका भी सफाया करना सरकार की प्राथमिकता में है। उग्रवादमुक्त झारखंड बनाना हमारी प्रतिबद्धता है। 

 दास ने कहा कि पूर्व से ही भाजपा के उम्मीदवार को सिमडेगा की जनता जिताती आ रही है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बार भी सिमडेगा की जनता भारतीय जनता पार्टी पर विश्वास करेगी और भारी मतों से यहां के प्रत्याशी श्रद्धानंद बेसरा को जिताने का कार्य करेगी। रघुवर दास ने कहा कि सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के सभी धर्म और जाति के लोग भाजपा पर विश्वास किया है।

राज्य में फिर से डबल इंजन की सरकार बनाएं

डबल इंजन की सरकार की जितनी योजनाएं चल रही हैं यह सारी योजनाएं गांव, गरीब, किसान, महिला और नौजवान के सपने को देखते हुए चलाई गई हैं। उज्जवला योजना के तहत एलपीजी गैस सिलेंडर वितरण में झारखंड देश का पहला राज्य  है, जहां एलपीजी गैस के साथ-साथ चूल्हा भी निशुल्क दिया गया है। डबल इंजन की सरकार रहने से यही फायदा राज्य को मिलता है। उसने कहा कि झारखंड के किसानों को पीएम किसान और मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के तहत प्रति किसान को कम से कम 11000 और अधिकतम 31000 का लाभ मिला है। रघुवर दास ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास की गति इतनी तेज हो गई है कि 5 साल में सकारात्मक परिवर्तन राज्य में दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैं फिर कह रहा हूं कि आपका मत बहुत कीमती है आप इस मत को अपने विवेक से उपयोग करें, क्योंकि स्थिरता से ही अमन-चैन और स्थिरता से ही विकास का मानक तय होता है। 

This post has already been read 10475 times!

Sharing this

Related posts