संथाल और कोल्हान के बाद उत्तरी छोटानागपुर में शुरू हुई जन आशीर्वाद यात्रा

हजारीबाग : कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा, आरजेडी व अन्य झारखंड नामधारी पार्टियों ने राज्य में गठबंधन की राजनीति कर, भ्रष्टाचार को बढ़ावा देकर, यहां के संसाधनों को लूटकर, आदिवासियों को विकास की दौड़ में पीछे रखकर समस्याओं को बढ़ा दिया। राज्य गठन के बाद कांग्रेस ने कभी भी स्थिर सरकार रहने नहीं दी। सत्ता पर काबिज कांग्रेस और जेएमएम के लोगों ने झारखंड वासियों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की ओर ध्यान नहीं दिया, जिसका परिणाम है समस्याएं और भी जटिल हो गईं। 2014 के बाद आपने झारखंड में एक स्थिर और मजबूत सरकार दी।

आपके जनादेश के बाद वर्तमान सरकार ने झारखंड के विकास को और यहां के लोगों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भरपूर प्रयास किया। उन्हीं प्रयासों को बताने आपके समक्ष यह सेवक आया है। क्योंकि आप ही हमारे मालिक हैं। ये बातें मुख्यमंत्री बातें रघुवर दास ने जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के तहत उत्तरी छोटानागपुर के हजारीबाग में आयोजित जनसभा में कही।

वंशवाद की राजनीति को आपने नकारा, आपको नमन

रघुवर दास ने कहा कि देश की जनता ने वंशवाद और परिवारवाद की राजनीति करने वाले कांग्रेस को नकार कर देश का नेतृत्व एक गरीब परिवार के व्यक्ति को दिया और उन्हें प्रधानमंत्री बनाया। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में भी देश की अन्य पार्टियों ने ठगबंधन बनाकर आपको भ्रमित करने की भरपूर कोशिश की लेकिन आप सभी ने विकास की राजनीति करने वाली भाजपा को 2014 से भी प्रचंड बहुमत 2019 में दिया और मोदी जी के नेतृत्व में सरकार का गठन हुआ। मैं हजारीबाग की जनता को सर झुका कर नमन करता हूं आपकी बदौलत ही केंद्र में फिर से भाजपा की सरकार बनी।

मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है लक्ष्य

रघुवर दास ने कहा कि 2014 के पूर्व जटिल हो चुकी झारखंड की समस्याओं को दूर करने का सरकार ने प्रयास किया है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के शासनकाल में राज्य के 30 लाख घर बिजली से वंचित थे। हमने इन 5 वर्ष में 30 लाख घरों तक बिजली पहुंचायी। हजारीबाग समेत पूरे झारखंड में सड़कों का जाल बिछा, महिलाओं को धुआं से मुक्ति देने के लिए उज्ज्वला योजना से आच्छादित किया गया। राज्य के 40 लाख परिवार योजना का लाभ ले चुके हैं, 3 लाख अन्य परिवारों को भी योजना से जल्द जोड़ा जाएगा। यहां की जनता को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने 400 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान कर आयुष्मान भारत योजना से जोड़ा है।

राज्य के 2 करोड़ 85 लाख परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। मेरा अनुरोध है जो इस योजना का लाभ अब तक नहीं ले पाए वे अपना गोल्डन कार्ड निशुल्क बनवा लें और अपने परिवार को 5 लाख की स्वास्थ्य बीमा से सुरक्षित करें। किसानों की समृद्धि के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना से अब तक 26 लाख किसान लाभान्वित हो चुके हैं। किसानों को योजना की पहली किस्त मिल चुकी है। दूसरी किस्त दीपावली से पूर्व किसानों को देंगे। इस तरह हर क्षेत्र में हमने कार्य करने का प्रयास किया है ताकि राज्य की जनता लाभान्वित हो सके।

This post has already been read 7332 times!

Sharing this

Related posts