अगले दस वर्षों में विश्व के टॉप तीन देशों की श्रेणी में होगा भारतः राजनाथ सिंह

गढ़वा । झारखंड विधानसभा चुनाव के प्रचार में भाजपा ने स्टार प्रचारकों की फौज उतार दी है। लेकिन इसमें गौर करने वाली बात है कि बड़े नेताओं के भाषण में अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर का जिक्र तो हो रहा है, पर स्थानीय मुद्दे हावी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संबोधन में भी ऐसा ही दिखा।
रविवार को भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भानुप्रताप शाही के पक्ष में गढ़वा जिला के रमना हाईस्कूल के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों से पूर्ण बहुमत वाली सरकार के मंत्री और नेता पर भ्रष्‍टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। अगले दस सालों में भारत विश्व के टॉप 3 देशों में शामिल हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का विकास हो रहा है।

उनकी प्राथमिकता आम लोगों की मूल आवश्यकताओं को पूरा करने की है जिसके तहत लोगों को बिजली, सड़क, पानी, घर और रोजगार दिये जा रहे हैं।उन्होंने केंद्र सरकार के काम की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी सरकार में 2022 तक सभी के पास अपना पक्का मकान होगा। इसके अलावा भारत सरकार घर-घर में शौचालय बनवाने का काम कर रही है। लगभग 15 मिनट के भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि महिलाओं को गैस सिलिंडर और मुफ्त चूल्हे भी दिए जा रहे हैं। देश का कोई टोला और कोई गांव नहीं बचेगा जहां पक्की सड़क नहीं होगी।

उन्होंने 2024 तक हर घर में नल से पानी देने का वादा किया।झारखंड की रघुवर सरकार की तारीफ करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पिछले पांच साल में सूबे में बहुमत की सरकार ने विकास के कई काम किये हैं, फिर एकबार बहुमत की सरकार बनाने में अपना योगदान दें। अलग राज्य के बाद पहली बार झारखंड में बहुमत की सरकार बनी है। क्षेत्र के विकास के लिये फिर एकबार रघुवर दास की सरकार बनाएं। कार्यक्रम का संचालन शिव कुमार पांडेय ने किया। इस मौके पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, शारदा महेश प्रताप देव, रघुराज पांडेय, शिवधारी राम, चंद्रिका प्रसाद, प्रशांत सिंह, विनीत सिंह, संजय सिंह, अजय कुमार सिंह, बबलू पटवा, लक्ष्मण राम, कृपाल सिंह, विक्की सिंह, जोखू सिंह, श्री प्रसाद गुप्ता, रामकेवल पासवान, चिंटू सोनी, शंकर चन्द्रवंशी, विजय भुइंया सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।

370 हटाया, अब हिंदुस्तान में एक निशान, एक प्रधान और एक संविधान है

राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस लोगों को बरगलाने का काम करती है। कांग्रेस प्रधानमंत्री के लिए अपशब्दों का प्रयोग करती है। प्रधानमंत्री कोई एक व्यक्ति नहीं, एक संस्था होते हैं। कांग्रेस का संस्कार क्या है, आप अंदाजा लगा सकते हैं। हमने अपने घोषणापत्र के अनुरूप काम किया है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाया। अब हिंदुस्तान में एक निशान, एक प्रधान और एक संविधान है। 

मुस्लिम भाइयों ने जिस प्रकार राममंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया, वे बधाई के पात्र हैं

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ ने कहा कि आज़ादी के बाद अगर 10 फीसदी भी कांग्रेस ने काम किया होता तो देश आज विकसित राष्ट्र होता। हम सरकार बनाने के लिये वोट नहीं मांगते, हम देश के लिए वोट मांगते हैं। अयोध्‍या के राम मंदिर मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राम मंदिर को लेकर लोग ताने कसते थे। अब अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनेगा। मुस्लिम भाइयों ने जिस प्रकार राम मंदिर पर सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का स्वागत किया है, वे बधाई के पात्र हैं। भारत को कोई भी ताकत जाति धर्म के आधार पर नहीं बांट सकता है।

राजनाथ सिंह की यहां ससुराल, जनता अपने पहुना को आशीर्वाद देगीः भानुप्रताप शाही

भाजपा प्रत्याशी भानु प्रताप शाही ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद से आजतक इस क्षेत्र में कमल नहीं खिला। इसबार कमल खिलाना है। सभी ने निर्णय लिया है कि इसबार भाजपा 65 पार का लक्ष्य हासिल करेगी। भाजपा सरकार ने अपने वादे के अनुसार अनुच्छेद 370 को खत्म किया। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक खत्म कर जो सम्मान दिया है, उसका फल मिलेगा। भाजपा ने विकास की परिभाषा लिखी है। शाही ने कहा कि राजनाथ सिंह की ससुराल होने के नाते यहां की जनता अपने पहुना को आशीर्वाद देगी और कमल के फूल को जिताने का काम करेगी।

This post has already been read 10992 times!

Sharing this

Related posts