पूरे देश में एनआरसी लागू कर घुसपैठियों को निकालेंगेः अमित शाह

रांची । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश के गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 2024 में जब मैं आपसे वोट मांगने आऊंगा तो उससे पहले पूरे देश में एनआरसी (नेशनल रजिस्टर ऑ सिटीजन) लागू कर घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालने का काम भारतीय जनता पार्टी करेगी। पहले सीमा पार से अमालिया-जमालिया आते थे और हमला करते थे। अब सेना सबको ठिकाने लगाती है। आज घुसपैठियों के समर्थन में कांग्रेस खड़ी है लेकिन 2024 के चुनाव से पहले पूरे देश में एनआरसी लगाकर भाजपा घुसपैठियों को निकालने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पांच साल के अंदर नरेंद्र मोदी की सरकार और रघुवर सरकार ने झारखंड के अंदर से नक्सलवाद को उखाड़ फेंका है। विपक्ष का उद्देश्य सिर्फ सत्ता प्राप्त करना है जबकि भाजपा का उद्देश्य झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाना है।

सोमवार को अमित शाह अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के पक्ष में चक्रधरपुर में चुनाव सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ को जिताने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड की जनता ने कई पार्टियों की सरकारें देखी लेकिन यहां की जनता ने विकास नहीं देखा क्योंकि कोई भी सरकार पूर्ण बहुमत की सरकार नहीं थी। 2014 में पू्र्ण बहुमत के बाद रघुवर दास मुख्यमंत्री बने और झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ विकास का काम करती है। हमारा एक लक्ष्‍य है, भ्रष्‍टाचार मुक्‍त शासन। मोदीजी सुशासन के लिए अब देश-दुनिया में जाने जाते हैं। हमने पांच साल में आदिवासी समाज के घरों तक विकास पहुंचाने का काम किया है।

भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष ने सवालिया लहजे में जनता से जुड़ते हुए कहा कि इतने सालों तक भगवान बिरसा मुंडा का स्मारक बनाने की किसी को नहीं सूझी। भाजपा की सरकार ने उनकी जन्मस्थली और उनकी कर्मस्थली पर उनके सम्मान में स्मारक बनाकर भगवान बिरसा मुंडा को सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम किया है। मोदी सरकार ने देवघर में एम्स बनाया। देवघर, बोकारो, दुमका और जमशेदपुर में एयरपोर्ट बनाया। रांची में कैंसर अस्पताल बनाया, हजारीबाग, पलामू और दुमका में मेडिकल कॉलेज बनाया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 20 लाख किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया। शाह ने कहा कि सात दिसंबर को जब आप वोट देंगे तो ये मत सोचना कि किसी विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री के लिए वोट देना है, बल्कि आप विकास को वोट करें। आपका वोट झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रघुवर दास की डबल इंजन की सरकार ही झारखंड का विकास कर सकती है।

कांग्रेस रोड़ा अटका रही थी, अब भव्‍य रामलला का मंदिर बनेगा

अमित शाह ने पाकिस्‍तान की चर्चा करते हुए सर्जिकल स्‍ट्राइक और एयर स्‍ट्राइक को मोदी सरकार का साहसिक कदम बताया। शाह ने कहा कि कांग्रेस ने मंदिर निर्माण की राह में रोड़ा अटका रखा था। कांग्रेस के नेता सुप्रीम कोर्ट में जाकर कहते थे कि रामजन्म भूमि का केस चलाने की जरूरत नहीं है। हमने आग्रह किया कि केस चलना चाहिए। जिसका परिणाम ये आया है कि सुप्रीम कोर्ट ने जजमेंट दिया कि अयोध्या में ही राममंदिर बनेगा। अब वहां रामलला का भव्य मंदिर बनेगा।

राहुल गांधी को चैलेंज

अमित शाह ने कहा कि आज राहुल गांधी यहां पर हैं। उनको चैलेंज देने आया हूं कि राहुल बाबा आपके 55 साल का शासन और हमारे पांच साल का शासन का हिसाब लेकर जब मर्जी हो मैदान में आ जाएं। हम पांच साल का हिसाब देंगे। टिकट वितरण में खरीद-फरोख्त करने वाली, आदिवासियों का शोषण करने वाली, झारखंड की रचना का विरोध करने वाली, अरबों-खरबों का भ्रष्टाचार करने वाली पार्टियों को वोट देने पर झारखंड का विकास नहीं होगा। विकास का काम केवल और केवल मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा ही कर सकती है। शाह ने कहा कि हमने पांच साल के अंदर एक प्रकार से विकास की गंगा को आदिवासी, पिछड़े समाज के घरों में पहुंचाने का काम किया है। भाजपा की सरकार आदिवासियों के जबरन धर्म परिवर्तन को रोकने के लिए कानून लेकर आई।

शाह ने खेला ओबीसी कार्ड, कहा-आरक्षण बढ़ाने के लिए कमेटी बनाएंगे

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड विधानसभा चुनाव में फिर एकबार ओबीसी कार्ड खेला। उन्होंने कहा कि भाजपा का दूसरा नाम विकास है। पांच साल में रघुवर सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि ओबीसी समाज के लिए हमने तय किया है कि जैसे ही भाजपा की सरकार बनती है, वैसे ही आदिवासियों, दलितों को आरक्षण कम किए बिना ओबीसी समाज के आरक्षण को बढ़ाने के लिए एक कमेटी बनाई जाएगी।

हेमंत सोरेन सत्ता के लिए कांग्रेस की गोद में बैठ वोट मांग रहे

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन से मैं पूछना चाहता हूं कि जब गुरुजी और भाजपा अलग झारखंड बनाने के लिए आंदोलन चला रही थी तो उस समय आंदोलनकारियों और युवाओं पर गोलियां और डंडे बरसाये जाते थे। उस समय कांग्रेस पार्टी की सरकार थी और आज सत्ता की लालच में हेमंत सोरेन उसी कांग्रेस की गोद में बैठकर मुख्यमंत्री बनने निकले हैं। उनका उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना है। वो विकास नहीं कर सकते लेकिन हमारा उद्देश्य झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाने का है। ये भाजपा ही कर सकती है। झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाने का काम केवल और केवल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही हो सकता है। पिछले पांच सालों में रघुवर की सरकार बेदाग रही। भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दिया।

दूसरे चरण में 7 दिसंबर को 20 सीटों पर मतदान

झारखंड विधानसभा चुनाव के तहत दूसरे चरण में सात दिसंबर को सिमडेगा समेत 20 सीटों पर मतदान होगा। इनमें सिमडेगा के अलावा बहरागोड़ा, घाटशिला, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसांवा, तमाड़, तोरपा, खूंटी, मांडर, सिसई और कोलेबरा शामिल हैं।

This post has already been read 6254 times!

Sharing this

Related posts