पत्नी की हत्या के आरोपी पति, ससुर एवं सास गिरफ्तार

गढ़वा। मेराल थाना क्षेत्र के पढ़ुआ गांव में शनिवार तड़के एक महिला की हत्या कर दी गयी। उसके पति, सास-ससुर पर उसे पीट-पीटकर मार डालने का आरोप है। आरोपी पति, ससुर एवं सास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मृतक सीमा देवी (30) तड़के सुबह घर के बंटवारे के अनुसार अपने हिस्से के घर में दरवाजा तोड़ने लगी। इसे लेकर सास सुमित्रा देवी, ससुर गुलजारी साह के साथ उसकी कहासुनी हुई। इसी दौरान महिला का पति अखिलेश साह पत्नी से मारपीट करने लगा। आरोप है कि महिला के पति के साथ सास-ससुर तथा गोतनी ने उसे पीट-पीटकर मार डाला। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी पढुआ के पूर्व मुखिया अवध किशोर देव के घर जाकर छुप गए तथा पूर्व मुखिया को बहू के मर जाने की बात कही। पूर्व मुखिया अवध किशोर देव ने घटना की जानकारी मेराल थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय को फोन पर दी। सीमा देवी के 7 वर्षीय पुत्र ने घर के आसपास के लोगों को अपनी मां को मार देने की बात बताई। लड़के की बात को सुनकर कुछ लोगों ने उसके घर जाकर देखा तो वह मृत पड़ी हुई थी। लोगों ने इसकी सूचना गांव के दूसरे लोगों को दी और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मृतक के घर पहुंच गए। गुस्साए लोग आरोपी को ढूंढते हुए पूर्व मुखिया के घर पहुंच गए तथा आरोपी को घर से बाहर निकालने की बात कहने लगे। पूर्व मुखिया द्वारा लोगों को बताया गया कि थाना प्रभारी को सूचना कर दी गई है लेकिन गुस्साए लोग पूर्व मुखिया की एक न सुनी और आरोपी पति तथा सास-ससुर को वहां से लेकर जैसे ही घर के पास पहुंचे मेराल थाना पुलिस पहुंच गई और आरोपियों को अपनी गाड़ी में बिठा लिया। इतने देर में मृतक के मायके वाले भी वहां पहुंचकर आरोपियों को पुलिस से छुड़ाकर मौके पर ही सजा देने की बात कहने लगे। इसे लेकर पुलिस एवं भीड़ के बीच दो घंटे तक बहस होती रही। बाद में डीएसपी दिलीप खलखो, इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर हत्यारोपी पति तथा सास-ससुर के साथ तीन दिन पूर्व थाना में लिखित बाउंड के आधार पर थाना से लाने वाले पूर्व मुखिया अवध किशोर देव एवं पूर्व बीडीसी दिनेश प्रसाद गुप्ता पर कार्रवाई करने के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और पुलिस को आरोपियों के साथ शव को उठाने दिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।

This post has already been read 11739 times!

Sharing this

Related posts