झारखंड को रेशम व कपड़े का हब बनाने के विजन के साथ आगे बढ़ रही सरकारः नरेंद्र मोदी

रांची । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हमने कोशिश की है कि झारखंड में निवेश पर जोर दिया जाए। इसी का परिणाम है कि स्टील के साथ मैनुफैक्चिरंग के दूसरे उद्योग लगे हैं। रेशम उद्योग को बढ़ावा दिया जा रहा है। कच्चे रेशम के मामले में झारखंड अग्रणी रहा है, लेकिन पहले की सरकारों ने गंभीर प्रयास नहीं किए।

मंगलवार को पीएम मोदी जमशेदुर में मुख्यमंत्री रघुवर दास के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि सरकार स्थिर होती है तो उद्योग और निवेश के लिए माहौल बनता है। सरकार का प्रयास है कि यहां उद्योग लगे। खासकर कपड़ा उद्योग के लिए झारखंड में बहुत संभावनाएं हैं। झारखंड टसर के मामले में अग्रणी रहा है। सिंहभूम, सरायकेला, सिमडेगा सहित राज्य के सभी जिलों में रेशम की पैदावार होती है। हमारे आदिवासी परिवार इससे जुड़े हुए हैं। राज्य सरकार झारखंड को रेशम और कपड़े का हब बनाने के विजन के साथ आगे बढ़ रही है। इसका परिणाम है कि पहले दो हजार मीट्रिक टन रेशम का उत्पादन होता था, अब 2700 मीट्रिक टन से अधिक का उत्पादन हो रहा है।  इस उद्योग में दो लाख से अधिक रोजगार मिले हैं।

उन्होंने कहा कि झारखंड के विकास के लिए भाजपा पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। दिल्ली और झारखंड में दोनों जगह भाजपा की सरकार होती है तब विकास की रफ्तार और तेज हो जाती है। जब इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होता है, सरकार स्थिर होती है तब उद्योग व निवेश के लिए माहौल बनता है। यहां की भाजपा सरकार ने भरपूर कोशिश की है कि झारखंड में निवेश को आकर्षित किया जाए। ताकि यहां के युवाओं को यहीं पर रोजगार मिल सके। इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि स्टील के साथ-साथ यहां मैन्युफैक्चरिंग से जुड़े उद्योग भी झारखंड में लगे। विशेष तौर पर कपड़ा उद्योग, रेशम उद्योग के लिए झारखंड में अनेक संभावनाएं हैं। इसी सोच के साथ बीते 5 वर्षों में करोड़ों रुपयों की मदद झारखंड को दी गई है। इसका परिणाम है कि पहले से यहां रेशम के उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बीते 5 वर्ष में सिर्फ रेशम उद्योग में पौने दो लाख में रोजगार मिले हैं। आने वाले 5 वर्षों में भाजपा की सरकार रेशम उद्योग, कपड़ा उद्योग को यहां और सशक्त बनाने वाली है।

सरयू राय का नाम लिये बगैर कहा, भ्रमित नहीं होइए, मोदी सिर्फ कमल के साथ

भाजपा के दिग्गज बागी और निर्दलीय उम्मीदवार सरयू राय का नाम लिये बगैर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आप भ्रमित नहीं होइए। मोदी की सिर्फ एक ही पहचान है। मोदी सिर्फ कमल फूल लेकर आता है। अगर कमल का फूल है तो मोदी है और कमल फूल जहां नहीं है तो वहां मोदी नहीं है।

भाजपा के बागी सरयू राय यहां मुख्‍यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में पीएम मोदी की सभा का यहां खासा महत्‍व रहा।

झारखंड में 15 साल में 10 सीएम, मैं गुजरात में अकले 13 साल सीएम

पीएम मोदी ने कहा, सिर्फ 15 साल में झारखंड ने 10 बार मुख्यमंत्रियों को बदलते देखा है। मैं गुजरात में 13 साल तक अकेला मुख्यमंत्री रहा। इस स्थिरता का परिणाम है कि आज गुजरात कहां से कहां पहुंच गया है, लेकिन भाजपा ने अस्थिरता के इस दौर पर रोक भी लगाई और पहली बार 5 वर्ष तक एक ही मुख्यमंत्री झारखंड को दिया। उन्होंने कहा कि इसी स्थिरता का परिणाम है कि नक्सलवाद पर प्रभावी कार्रवाई हो पा रही है। बिजनेस के लिए अनुकूल माहौल बन पाया है।

स्वार्थ के लिए सीएम की कुर्सी का सौदा किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर हमला करते हुए कहा कि अपने स्वार्थ और भ्रष्टाचार के लिए इन्होंने मुख्यमंत्री पद की कुर्सी तक का सौदा कर दिया था। उस दौरान यहां क्या-क्या खेल खेले गए इसकी जानकारी आप सभी को है। 5 साल पहले तक झारखंड राजनीतिक अस्थिरता के लिए चर्चा में रहता था, लेकिन पहली बार यहां पर 5 साल तक एक सरकार चली। पीएम मोदी ने कहा कि राज्य को देश और दुनिया में पहचान दिलाने का श्रेय आपको और रघुबर दास को है। आज झारखंड की बुलंद पहचान देश और दुनिया में है, लेकिन 5 साल पहले यहां क्या स्थिति थी। कांग्रेस और जेएमएम के राज में यहां से सिर्फ और सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट की खबरें आती थीं।

तीन तलाक जिंदगी तबाह कर देता था

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी माताओं-बहनों को सम्मानपूर्वक जीने का हक मिलना चाहिए। हमारी मुस्लिम बहनों का कितना घोर अपमान होता था। तीन तलाक जिंदगी तबाह कर देता था। शादी के बाद सपने लेकर जाती थीं, तबाह होकर लौटती थी। सच यह है की तीन तलाक के कारण मुस्लिम पुरुष भी दुखी थे। बेटी को शादी करके तो भेज रहा हूंए लेकिन तीन तलाक के कारण उसे कहीं वापस नहीं आना पड़े।

जमशेदपुर की धरती श्रम की धरती

उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की ये धरती श्रम की धरती है। उद्यम की धरती है। ये धरती लाखों लोगों के सपनों को साकार करने वाली धरती है। दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाने वाली धरती है। कोई व्यक्ति कैसे अपने दम पर आगे बढ़ सकता है, उसकी प्रेरणा स्थली है। मेरा तो एक प्रकार से जमशेदपुर से सीधा नाता है, क्योंकि टाटा परिवार गुजरात से और मैं भी। टाटा परिवार की यादें गुजरात से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में स्मरण होना बहुत स्वाभाविक है। भाजपा की सरकार ने केंद्र सरकार को दिल्ली से बाहर निकालकर देश के कोने-कोने तक पहुंचाया है। दशकों से चली आ रही इस व्यवस्था में परिवर्तन का बहुत बड़ा लाभ झारखंड को मिला है। आज झारखंड भारत के इतिहास की कुछ क्रांतिकारी योजनाओं की गंगोत्री बना है, उद्यम स्थली बना है।

इससे पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खूंटी में भाजपा उम्मीदवार व राज्य के ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ मुंडा के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में जिस प्रकार लोकतंत्र में आस्‍था दिखी है। जिस तरह भाजपा सरकार ने नक्‍सलवाद की कमर तोड़ी है। उससे डर का माहौल खत्‍म हुआ और विकास का माहौल बना है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डबल इंजन सरकार के फायदे गिनाये। उन्होंने कहा कि पूरे देश में आदिवासी कला-संस्‍कृति को सजाने के लिए अनेक संग्रहालय बनाए जा रहे हैं। हम प्रयास कर रहे हैं कि यहां दुनिया भर के लोग पहुंचे। इतने उद्योग लगे कि युवाओं को रोजगार के यहीं अवसर मिले। उन्होंने कहा कि आज उन जनजातीय क्षेत्रों में भी पानी का पाइप पहुंच रहा है, जिनको कांग्रेस-जेएमएम की सरकारों ने अपने हाल पर छोड़ दिया था। आज उन गरीब, पिछड़ों और आदिवासी परिवारों को भी अपना घर मिल पा रहा है, जिनको कांग्रेस-जेएमएम की सरकारों ने झोंपड़ियों में रहने के लिए मजबूर कर रखा था।

उन्होंने कहा, आप अब सखी मंडल से स्‍वावलंबी बन रही हैं। आने वाले वर्षों में भाजपा सरकार की कोशिश है कि हर घर से एक महिला देश के विकास में सीधी भागीदार बनेगी। अब घर-घर शौचालय तो बने हैं। आपकी धरती की रानी मिस्‍त्री देश-दुनिया में नाम कमा रही हैं। झारखंड की बहनों को सबसे तेजी से केंद्र की योजनाओं का लाभ मिला। उज्‍ज्वला योजना में आपको डबल बेनिफिट दिया है। इससे आपकी सेहत सुधर रही है।

पीएम ने कहा कि आज उन क्षेत्रों में भी बिजली का तार पहुंचा है जिन गांवों में पहुंचना तक मुश्किल था। आज वो क्षेत्र भी सड़क से जुड़ रहे हैं, जहां कभी विरोधी दल के नेता झांकते भी नहीं थे। आज झारखंड के हर व्यक्ति को केंद्र और झारखंड सरकार की किसी न किसी योजना का सीधा लाभ पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो वाले आपका भला नहीं चाहते। मुझे विश्‍वास है कि आप सभी कांग्रेस के झूठ की सारी बातें लोगों तक पहुंचायें। आप मतदान के दिन भारी संख्‍या में मतदान कर इनके झूठ को बेनकाब कर दें। फिर एकबार कमल पर बटन दबाकर झारखंड के विकास के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा को मौका दें।

बीत गई झारखंड के लड़कपन की उम्र, अब सजग रहें

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, अटल जी ने अलग झारखंड बनाया था। यह भगवान बिरसा को सच्‍ची श्रद्धांलि थी। यह अटलजी की भाजपा सरकार थी, जिसने आजादी के बाद पहली बार जनजातीय मंत्रालय बनाया। अब झारखंड की उम्र 19 साल हो गई है। यह टीन एज है। इसमें आप सब सजग हो जाएं। यह महत्‍वपूर्ण समय है। घर में जैसे मां-बाप अपने बेटा-बेटी के 19 साल होने पर चिंता करते हैं। माता-पिता भी उनके भविष्य के लिए सोचते हैं। ऐसे में अब झारखंड के लड़कपन की उम्र नहीं रह गई है। झारखंड के नागरिकों की जितनी जिम्मेदारी है, उतनी हमारी भी है। ऐसे में झारखंड 19 साल से 25 साल का हो जाए, इसके लिए इतना  समृद्ध और सशक्त हो जाए ताकि मुड़कर न देखना पड़े। इसलिए आने वाले पांच साल 19 साल के झारखंड के लिए बड़ा ही महत्‍वपूर्ण है। मौका मत गंवाइए, मैं हमेशा आपके लिए तैयार हूं।

बस आप मेरा साथ दीजिए। हमने रिकॉर्ड बजट का प्रावधान किया। भाजपा की सरकार ने पहली बार डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की व्यवस्था की है। इसमें पांच हजार करोड़ दिया है। अब यहां से निकलने वाले खनिज का एक हिस्‍सा जनहित के लिए देना पड़ता है। राज्य सरकार ने 60 हजार पट्टे दे दिये हैं। सरकार बनने पर बाकी के 30-40 हजार पट्टे दे दिये जाएंगे। कांग्रेस की नजर यहां की संपदा पर है। ये लोग सत्ता में आने के लिए डर और भ्रम में फैला रहे हैं। 70 साल की कांग्रेस सरकारों ने इस तरह से विकास करने के बारे में नहीं सोचा, इसकी चिंता भाजपा सरकार ने की। यह हमारी आदिवासी हितों के प्रति प्रतिबद्धता है। जल, जंगल, जमीन पर हम कोई आंच नहीं आने देंगे। पीएम ने कहा, कांग्रेस और उनके मित्रों से सावधान रहें। उनका इतिहास, उनके कारनामे याद करें, उनकी नजर यहां की प्राकृतिक संपदा पर है। ये लोग सबकुछ लूट लेंगे। इसलिए ये डर और भ्रम का माहौल बना रहे हैं।

पहले चरण के मतदान से तीन बातें स्पष्ट हुईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले चरण के मतदान से तीन बातें स्पष्ट हुई हैं। पहली, लोकतंत्र को मजबूत करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान के प्रति झारखंड के लोगों की आस्था अभूतपूर्व है। दूसरी बात, भाजपा सरकार ने नक्सलवाद की कमर तोड़ी है। उसे बहुत छोटे इलाके तक समेट दिया है। उससे डर का माहौल कम हुआ है। विकास का माहौल बना है। तीसरी बात ये स्पष्ट हुई है कि झारखंड के लोगों में भाजपा सरकार के प्रति एक विश्वास की भावना जगी है। झारखंड का विकास अगर कोई दल कर सकता है तो वो सिर्फ और सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। यही भावना मुझे खूंटी में दिखाई दे रही है। पीएम ने कहा कि पहले चरण के मतदान के समय माहौल बिगाड़ने की कोशिश हुई थी लेकिन लोगों ने इस मकसद को नाकाम कर दिया।

यहां की जनता कह रही झारखंड पुकारा-भाजपा दोबारा

झारखंड के लोग देख रहे हैं कि दिल्ली और रांची में डबल इंजन लगाने से विकास की गति तेज और स्थायी होती है। केंद्रीय मंत्रिमंडल में हमारे साथी अर्जुन मुंडा ने सही कहा दिल्ली ने राज्य के गांवों तक विकास पहुंचाया और राज्य सरकार ने इसे जिम्मेदारी से निभाया। यहां की जनता कह रही है- झारखंड पुकारा और भाजपा दोबारा।

This post has already been read 7354 times!

Sharing this

Related posts