सरकारी कंपनियों को किया जा रहा 10-15 पूंजीपतियों के हवाले : राहुल गांधी

रांची। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि सरकारी कंपनियों को एक-एक कर 10-15 बड़े पूंजीपतियों के हवाले किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ पंद्रह-बीस बड़े उद्योगपति देश को नहीं चला सकते लेकिन गरीब, किसान और मजदूर देश को आगे ले जा सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि उद्योगपतियों को भी जगह मिलनी चाहिए लेकिन जिस तरह से पूंजीपतियों का साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया गया, उसी तरह से राज्य के किसानों और छोटे दुकानदारों का भी कर्ज माफ होना चाहिए।

राहुल गांधी सोमवार को बड़कागांव में पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन की सरकार सत्ता में आएगी तो किसानों का दो लाख रुपये तक का कर्ज माफ हो जाएगा। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि जिन किसानों की जमीन छीनी गयी या अधिग्रहण की गयी है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही जिस तरह से छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और राजस्थान में भूमि अधिग्रहण कानून लागू हुआ, उसी तरह से झारखंड में भी इसे सख्ती से लागू किया जाएगा। अब राज्य में भी बिना पंचायत से पूछे किसी की जमीन नहीं छीनी जाएगी।

राहुल गांधी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स बताते हुए कहा कि इससे सिर्फ अडाणी और अंबानी को फायदा हुआ है। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक फैक्ट्रियां बंद हो रही हैं, उत्पादन बंद हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां जाती है नफरत का माहौल बनाती है, लोगों से मारपीट की जाती है। नफरत फैलने से बेरोजगारी बढ़ेगी, उद्योग-धंधे बंद होगे।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस शासन में देश की अर्थव्यवस्था काफी तेजी से आगे बढ़ रही थी, दुनिया भर के कई देश यह पता लगाने की कोशिश करते थे कि भारत किस तरह से आगे बढ़ रहा है, लेकिन आज देशभर में महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं हो रही है। भारत की छवि दुनिया भर में बलात्कार  कैपिटल के रूप में बनी है। उत्तर प्रदेश में भाजपा के विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक शब्द नहीं बोलते है, पीड़िता को दुर्घटना में मारने की कोशिश की जाती है, तब भी नरेंद्र मोदी कुछ नहीं बोलते है। उत्तर प्रदेश में महिलाओं को जला दिया जा रहा है, गोली मार दी जा रही है, लेकिन प्रधानमंत्री एक शब्द नहीं बोलते है।

This post has already been read 6433 times!

Sharing this

Related posts