अंतर्राष्ट्रीयताजा खबरे

ब्राजील में बाढ़, भूस्खलन का कहर, 24 से अधिक लोगों की मौत

सर्वाधिक प्रभावित राज्य साओ पाउलो को सार्वजनिक आपदाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। साथ ही दो प्रमुख शहरों ने अपने वार्षिक कार्निवल को रद करने का ऐलान किया है।

ब्राजिलिया। ब्राजील में बाढ़ और भूस्खलन का कहर जानलेवा साबित हो रहा है। इस कारण 24 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सर्वाधिक प्रभावित राज्य साओ पाउलो को सार्वजनिक आपदाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। साथ ही दो प्रमुख शहरों ने अपने वार्षिक कार्निवल को रद करने का ऐलान किया है।

बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त
देश के कई शहरों में बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ब्राजील का सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य साओ पाउलो सर्वाधिक प्रभावित है। यहां 24 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जिस तरह के हालात हैं, उनमें यह संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है। साओ पाउलो में भी दो शहर साओ सेबस्टियाओ और बर्टिओगा सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। इन दोनों शहरों ने अपने कार्निवल उत्सव को रद कर दिया है। राज्य के सभी प्रमुख शहरों में बाढ़ में घर डूब गए हैं और केवल छतें दिखाई दे रही हैं। लोग आवाजाही के लिए नावों का प्रयोग कर रहे हैं। रियो डी जनेरियो को सैंटोस के बंदरगाह शहर से जोड़ने वाली सड़क भूस्खलन और बाढ़ से अवरुद्ध हो गई है।

लापता, घायलों और मलबे में मृत लोगों को खोजने में संघर्ष
साओ सेबेस्टियाओ के मेयर फेलिप ऑगस्टो ने कहा कि बचाव दल लापता, घायलों और मलबे में मृत लोगों को खोजने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कई स्थानों पर तो बचाव दल पहुंच ही नहीं पा रहे हैं। इसे अराजक स्थिति बताते हुए ऑगस्टो ने अपने सोशल मीडिया चैनलों पर अपने शहर में व्यापक विनाश के कई वीडियो पोस्ट किए हैं। जिसमें पानी भरी सड़क पर खड़े स्थानीय लोगों द्वारा एक बच्चे को बचाए जाने का वीडियो भी शामिल है।

एक दिन में 600 मिली लीटर बारिश 
साओ पाउलो राज्य की सरकार ने एक दिन में 600 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज किए जाने की जानकारी दी है। यह एक दिन में ब्राजील में अब तक सर्वाधिक बारिश में से एक है। राज्य सरकार ने जानकारी दी है कि केवल बर्टिओगा में एक दिन में 687 मिलीमीटर बारिश हुई है। गवर्नर तारसीसियो डी फ्रीटास ने सेना से समर्थन का अनुरोध किया है। सेना इस क्षेत्र में दो हवाई जहाज व विशेष बचाव दल भेजेगी। उबातुबा, साओ सेबस्टियाओ, इल्हाबेला, कारागुआटाटुबा और बर्टिओगा शहरों के लिए एक सार्वजनिक आपदा आदेश भी जारी किया है।


ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें और खबरें देखने के लिए यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। www.avnpost.com पर विस्तार से पढ़ें शिक्षा, राजनीति, धर्म और अन्य ताजा तरीन खबरें…

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button