मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा के पिता का आज निधन हो गया। वह लगभग 90 साल के थे और कुछ समय से अस्वस्थ थे। मनीष मल्होत्रा के करीबी दोस्त करण जौहर को उनके बांद्रा स्थित घर के बाहर देखा गया। वह डिजाइनर के घर पर सबसे पहले पहुंचे थे। अभिनेत्री शबाना आजमी को भी मनीष मल्होत्रा के घर के बाहर देखा गया। बॉलीवुड में फिल्ममेकर करण जौहर और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। दोनों पिछले 26 सालों से दोस्त हैं। फिल्म समीक्षक कोमल नाहटा ने मनीष मल्होत्रा के पिता की निधन की जानकारी सोशल मीडिया पर दी है। हाल में जाने-माने फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने इंडस्ट्री में 29 साल पूरे कर लिए हैं। 52 वर्षीय डिजाइनर ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। साल 1990 में फिल्म ‘स्वर्ग’ के लिए जूही चावला के कॉस्ट्यूम को डिजाइन करते हुए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्म ‘रंगीला’ में उर्मिला मार्तोंडकर के डिजाइनर कपड़ों के लिए मनीष को फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिल चुका हैं। साल 2005 में उन्होंने अपने लेबल को लॉन्च किया। 52 साल के मनीष ने अभी तक शादी नहीं की है। बॉलीवुड का ऐसा कोई सेलेब्रिटी नहीं है जिसने मनीष मल्होत्रा के डिजाइन किए हुए कपड़े न पहने हों। मल्होत्रा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काम कर चुके हैं। 1990 के दशक में उन्होंने माइकल जैक्सन के भारत में यात्रा के दौरान उनके लिए एक पारंपरिक पोशाक को डिजाइन किया था। मनीष मल्होत्रा को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अवार्ड मिल चुका है।
This post has already been read 6159 times!