रांची। झारखंड लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष बिरेन्द्र प्रधान ने कहा कि लोजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रधान ने कहा कि भाजपा हमें बंधुआ मजदूर नहीं समझे।
प्रधान रविवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रदेशस्तरीय बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी अगर उनकी पार्टी को नजरंदाज किया गया तो लोजपा झारखंड की सभी 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल लोजपा, झारखंड में अपनी हिस्सेदारी को लेकर मुखर है। उन्होंने बताया कि बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान लोकप्रिय नेता हैं। ऐसे में अपने होर्डिंग, बैनर, पोस्टर में भाजपा अपने नेताओं के साथ ही लोजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष का फोटो नहीं शामिल करती है, तो पार्टी का कार्यकर्ता भाजपा के कार्यक्रम में शामिल नहीं होगा। इस अवसर पर रांची जिला अध्यक्ष दिनेश सोनी, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष राजीव सिंह, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नेहा सिंह, ओबीसी प्रकोष्ठ के ओम प्रकाश गुप्ता, आईटी सेल के अध्यक्ष अभिषेक सिंह आदि उपस्थित थे।
This post has already been read 7546 times!