भाजपा शासनकाल में देश व राज्य का विकास हुआ : अमित शाह

देवघर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा शासनकाल में जो विकास पूरे देश और राज्य में हुआ है, वह पिछले सत्तर वर्ष में नहीं हुआ था।

शाह शनिवार को देवघर में स्थानीय बीएड कॉलेज में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कर मैं धन्य हो गया। शाह ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमन्त सोरेन की खिंचाई करते हुए कहा कि हेमन्त जी आज उस कांग्रेस की गोद में जा बैठे हैं जिन्होंने झारखण्ड निर्माण का विरोध किया था। अमित शाह ने सिद्धों-कान्हू, चांद भैरव और बिरसा मुंडा को याद करते हुए अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में जो विकास पूरे देश और राज्य में हुआ है वह पिछले सत्तर वर्ष में नहीं हुआ था।

अमित शाह ने सांसद निशिकांत दूबे की तारीफ करते हुए संथाल में हुई विकास की गाथा को उमड़ती भीड़ के बीच रखा। शाह ने कहा कि देवघर और राज्य में भाजपा की बहुमत वाली सरकार बनाएं। उन्होंने वादा किया कि झारखण्ड को देश का सबसे सुसज्जित राज्य बनाऊंगा। उन्होंने राज्य में किये गए विकास का ब्यौरा जनता के बीच रखा। मौके पर उपस्थित लोगों से भाजपा के सभी उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।

कार्यक्रम को गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने भी संबोधित करते हुए सरकार की तारीफ की और भाजपा के सभी उम्मीदवारों को जिताने की बात कही। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश के गृहमंत्री अमित शाह दोपहर ढाई बजे देवघर पहुंचकर सबसे पहले बाबा मंदिर पहुंचे और बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना कर देश की जनता के लिए मंगलकामना की।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, बिहार से सांसद रामकृपाल यादव, नंदकिशोर यादव, सुनील देवधर, निशिकांत दुबे, अभयकांत प्रसाद, जेपीएन सिंह, झाझा विधायक डॉक्टर रविन्द्र यादव, निवर्तमान विधायक व उम्मीदवार नारायण दास, मधुपुर के उम्मीदवार राजपलिवार, जिला अध्यक्ष दिवाकर गुप्ता सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता मौके पर उपस्थित थे।

This post has already been read 6817 times!

Sharing this

Related posts