रांची। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि कांग्रेस हमेशा गरीबों की फिक्र करती है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने जो न्याय योजना पेश की है, वह देश की सबसे गरीब पांच करोड़ परिवारों की जिंदगी बदल देगी। सहाय ने शुक्रवार को रांची में जनसंपर्क अभियान की शुरुआत करते हुए भाजपा सरकार पर विकास की बजाय महज जुमलेबाजी का आरोप लगाया। सरकार ने झारखंड के 28 लाख किसानों को मोबाइल देने का वादा किया था, पर कुछ नहीं दिया। हरमू नदी को करोड़ों खर्च कर नाला बना दिया। गोड्डा में किसानों की सैकड़ों एकड़ जमीन जबरन छीन ली। राज्य के लाखों लोगों को राशन से वंचित कर दिया। झारखंड में बिजली का रेट 100 फीसदी से ज्यादा बढ़ा दिया जिससे लोग परेशान हैं। ऐसे में जनता का विश्वास भाजपा से हट गया है। सहाय ने अपने जनसंपर्क अभियान की शुरुआत टाटी सिलवे दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करके की। जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने चतरा, बनंगे बेड़ा, राहे एवं सोनाहतू के सतकी, दोकाद, गोइंदा, नावाडीह, लोहातू, जामूदाग, एदलहातू, बारेन्दा, दुलमी, टंगटंग, जिलिंगसोरेंग सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ सोमनाथ मुंडा, राजेंद्र मुंडा, गंगा सिंह, सुंदरी तिर्की, प्रेम शाही मुंडा, मुन्ना मुंडा, जगन लिंडा आदि सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
This post has already been read 8018 times!