‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक सभी के लिए प्रेरणास्रोत, अच्छे लोगों ने आज भी ‘सत्यमेव जयते’ को जिंदा रखा है: हेमन्त सोरेन

राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘द पीपुल्स लीडर’ के विमोचन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो

रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने आज झारखंड मंत्रालय स्थित सभाकक्ष में राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय की जीवनी पर आधारित पुस्तक ‘द पीपुल्स लीडर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय परिचय के मोहताज नही हैं। काफी समय से इनके साथ मुझे काम करने का मौका मिला है।

और पढ़ें : पटना में खुलेगा इसरो का केंद्र, अंतरिक्ष संबंधित शोध को मिलेगा बढ़ावा…

मुख्यमंत्री ने कहा कि सदन में सरयू राय के सुझावों और विचारों से मैं हमेशा प्रभावित हुआ हूं। मुझे लगता है कि मैं ही नहीं बल्कि बहुत सारे लोग इनके विचारों से प्रभावित होंगे। एक अच्छे लेखक एवं एक अच्छे राजनीतिज्ञ के रूप में लोगों के बीच इनकी चर्चा सदैव होती रहती है। सरयू राय के द्वारा लिखी गई कई पुस्तकें मैंने स्वयं पढ़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरयू राय ने हमेशा चुनौतियां स्वीकार की हैं। इन्होंने साहस और धैर्य का परिचय देते हुए सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना भी किया है। सरयू राय ने सच्चाई के पथ पर चलकर अपनी अलग मुकाम बनाई है। सरयू राय जैसे लोगों के चलते ही आज भी ‘सत्यमेव जयते’ जिंदा है। मुख्यमंत्री ने सरयू राय को असामान्य सोच के साथ आगे बढ़ते रहने के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

Advt

पुस्तकें एक बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती हैं

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय द्वारा लिखी गई पुस्तकें राज्य सरकार को एक बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी लोगों को पूर्व की गलतियों से सीख लेते हुए साथ मिलकर एक बेहतर प्रबंधन के साथ राज्य को आगे ले जाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय लेखक विवेकानंद झा द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘द पीपुल्स लीडर’ राज्य को एक बेहतर दिशा देगी। मैं अपनी ओर से ‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।

सकारात्मक कार्यों और अच्छे सुझावों को सम्मान देना नैतिक कर्तव्य

इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने कहा कि कृतज्ञ समाज का उत्तरदायित्व बनता है कि जो लोग अच्छे कार्य करते हैं उनके कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक सरयू राय ने हमेशा अच्छे कार्य किए हैं। उन्होंने एकला चलो के राह को अपनाते हुए अपनी नीति और सिद्धांत के साथ कभी समझौता नहीं किया है। सरयू राय ने कभी भी गलत लोगों का साथ नहीं दिया। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि निश्चित रूप से राज्य हित एवं जनहित से संबंधित मामलों में सरयू राय द्वारा दिए गए सुझावों का राज्य सरकार स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान सकारात्मक कार्यों और अच्छे सुझावों को सम्मान देना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है।

Advt

‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक में हैं कई अनछुए पहलुओं की जानकारी..

इस अवसर पर ‘द पीपुल्स लीडर’ पुस्तक के लेखक विवेकानंद झा ने पुस्तक के विषय-वस्तु की विस्तृत जानकारी अपने संबोधन में रखीं। उन्होंने कहा कि सरयू राय से संबंधित व्यक्तिगत, सामाजिक, राजनीतिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं को इस पुस्तक में दर्शाया गया है। वर्ष 1974 छात्र आंदोलन, आपातकाल में भूमिका, राजनीति में पदार्पण, विभिन्न मुद्दों पर मतभेद, घोटालों को उजागर करने में भूमिका से लेकर कई अन्य घटनाओं का जिक्र इस पुस्तक में किया गया है।

मौके पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधान सभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो ने शॉल ओढ़ाकर सरयू राय को सम्मानित किया। सरयू राय ने विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व विधायक राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, प्रभात प्रकाशन के निदेशक पीयूष कुमार सहित अन्य लेखक, साहित्यकार एवं शिक्षाविद उपस्थित थे।

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमारे फेसबुक पेज को लाइक करें और खबरें देखने के लिए यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें। www.avnpost.com पर विस्तार से पढ़ें शिक्षा, राजनीति, धर्म और अन्य ताजा तरीन खबरें

This post has already been read 11942 times!

Sharing this

Related posts