कुएं से मां और बेटी के शव बरामद, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप

  • पति अनवर अंसारी समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य फरार

रांची। कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र की दशारो पंचायत स्थित खैरोन गांव में शनिवार को एक कुएं से मां और उसकी 15 महीने की बेटी के शव बरामद हुआ है। इनकी पहचान उसी गांव के अनवर हुसैन की दूसरी पत्नी नूरजहां परवीन और नेहा परवीन के रूप में हुई। मृतका के मायके वालों ने पति अनवर अंसारी सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के ससुराल के सभी लोग अपने घर से फरार हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार को गांव के लोग कुएं में मोटर लगा रहे थे। इसी दौरान उसमें पहले बच्ची का शव दिखा। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। इसके बाद कुएं में उन्हें महिला का शव भी दिखा। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के लोगों की मदद से कुएं से दोनों शवों को निकाला। घटना की सूचना के बाद खैरोन पहुंचे नूरजहां के परिजनों ने आरोप लगाया कि अनवर ने अपने घरवालों के साथ मिलकर नूरजहां और बच्ची की हत्या की है। शव मिलने के बाद महिला की ससुराल के सभी लोग फरार हो गये हैं। उन्होंने बताया कि करीब ढाई साल पहले अप्रैल 2017 में नूरजहां की शादी खरैन गांव निवासी अनवर अंसारी से हुई थी। शादी के बाद से ही किसी न किसी बहाने अनवर और उसके घरवाले नूरजहां को प्रताड़ित किया करते थे। उसे पीटा भी जाता था। मार्च 2019 में नूरजहां ने प्रताड़ना के संबंध में महिला थाने में शिकायत भी की थी। शिकायत में उसने पुलिस से कहा था कि पति और ससुराल वाले उसे रखना नहीं चाहते इसलिए लगातार प्रताड़ित करते हैं। हालांकि इसके बाद थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था लेकिन इसके कुछ दिनों बाद ही फिर से नूरजहां को प्रताड़ित किया जाने लगा। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।

This post has already been read 6476 times!

Sharing this

Related posts