कट मनी के खिलाफ सचिवालय का घेराव करने पहुंचीं भाजपा की महिला कार्यकर्ता गिरफ्तार

कोलकाता। कट मनी (रिश्वत) लौटाने की मांग पर भाजपा की ओर से गुरुवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया गया। इसी कड़ी में राज्य सचिवालय की ओर बढ़ रहीं पार्टी की महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को पहले से ही इस विरोध प्रदर्शन की सूचना थी इसीलिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध थे। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सचिवालय तक न पहुंच सकें, इसके लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। चारों तरफ अतिरिक्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सचिवालय की ओर जाने वाली सड़क पर जैसे ही पहुंचीं, पुलिस ने उन्हें रोक दिया। फिर भी करीब 25 महिला कार्यकर्ता राज्य सचिवालय के मुख्य प्रवेश द्वार तक जा पहुंचीं और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी और अन्य नेताओं के खिलाफ भी नारे लगाए।

प्रदर्शनकारियों का कहना था किमुख्यमंत्री ने अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को सरकारी योजनाओं के एवज में ली गई रिश्वत का 25 प्रतिशत हिस्सा लौटाने का निर्देश दिया है, लेकिन बाकी का 75 प्रतिशत हिस्सा राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री तक पहुंचाई गई है। ऐसे में आम लोगों से ली गई यह रिश्वत भी सचिवालय की ओर से लौटाई जानी चाहिए। 

This post has already been read 6612 times!

Sharing this

Related posts