विधानसभा चुनाव में 65 पार के लक्ष्य में जुटी भाजपा

रांची। भाजपा झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पूरी तरह जुट गयी है। पार्टी ने इसबार राज्य की 81 में से 65 से अधिक सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य रखा है। इसे लेकर मंडल से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा ने सोमवार से घर-घर रघुवर अभियान की शुरूआत की है। भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर और सह प्रभारी नंद किशोर यादव ने सोमवार को पार्टी के पदाधिकारियों के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा की है। हालांकि सूत्रों के अनुसार भाजपा के लिए विधानसभा चुनाव में 65 प्लस सीट लाना आसान नहीं होगा। एक ओर जहां भाजपा घर-घर रघुवर अभियान चला रही है, वहीं राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पूरे राज्य में बदलाव रैली सह आमसभा का आयोजन कर रही है। भाजपा घर-घर रघुवर अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां जनता को बता रही है, वहीं झामुमो सरकार की नाकामियों को उजागर कर रही है। वर्तमान विधानसभा में भाजपा के 41 विधायक हैं। जबकि उसकी सहयोगी आजसू के चार विधायक हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा कांग्रेस और झामुमो के कुछ विधायकों को अपने पाले में लाकर 65 प्लस के लक्ष्य को पार करना चाहती है। सूत्रों ने बताया कि झामुमो और कांग्रेस के कई विधायक भाजपा में शामिल होना चाहते हैं। लेकिन उनकी मनचाही सीट या सीटिंग सीट को लेकर समस्याएं आ रही हैं। हाल ही में झाविमो में शामिल हुए दुलाल भुइयां के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है। भाजपा एनडीए गठबंधन में शामिल आजसू से पहले ही लोहरदगा सीट छोड़ने का आग्रह कर चुकी है। संभावना जतायी जा रही है कि लोहरदगा से कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सूत्रों की मानें तो अगर आजसू लोहरदगा सीट छोड़ती है तो सुखदेव भगत भाजपा में शामिल हो सकते हैं। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में लोहरदगा से वह भाजपा उम्मीदवार हो सकते हैं। इधर झामुमो के कई विधायक भी भाजपा के संपर्क में हैं। इनमें जोबा मांझी, दशरथ गगराई, शशिभूषण सामड सहित अन्य शामिल हैं। इनके भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा है।

This post has already been read 6808 times!

Sharing this

Related posts