भारतीय जनता पार्टी के कार्यों की पूरे विश्व में हो रही प्रशंसाः पीएन सिंह

धनबाद । मंडल स्तरीय प्रवास कार्यक्रम के तहत रविवार को धनबाद नगर भारतीय जनता पार्टी का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन हिरापुर एक होटल में  मंडल अध्यक्ष निर्मल प्रधान की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर धनबाद के सांसद पीएन सिंह सिंह ने कहा कि अभी हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के परिश्रम, लगन तथा समर्पण के बल पर धनबाद लोकसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई। भाजपा का संगठन विश्व का सबसे बड़ा संगठन है। पार्टी के कार्यों की पूरे विश्व में प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि आज का यह बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन झारखंड विधानसभा चुनाव का शंखनाद है। सम्मेलन से संगठन और अधिक सशक्त और सक्रिय बनता है।

कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रघुवर दास सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के 70 दिनों के अंदर जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 तथा 35 ए को हटाकर यह साबित कर दिया कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है वह करती है। भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल का यह कार्य होते ही जम्मू कश्मीर भारत का अभिन्न अंग बना। विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति आमजन का विश्वास काफी बढ़ा है। धनबाद नगर भाजपा के कार्यकर्ता ने विपरीत परिस्थितियों में भी इतिहास लिखा है। निश्चित रूप से हमारा झारखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का नारा अबकी बार 65 पार सफल होगा। 

जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब काफी कम समय बच गया है। केंद्र और प्रदेश सरकार के जनहित के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री संजय झा तथा धन्यवाद ज्ञापन धनबाद नगर अध्यक्ष निर्मल प्रधान ने किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल, अजय त्रिवेदी, नितिन भट्ट, मिल्टन पार्थ सारथी, मुकेश पांडेय, रवि सिन्हा, विकास सिन्हा आदि उपस्थित थे। 

This post has already been read 6463 times!

Sharing this

Related posts