सिमडेगा । खूंटी लोकसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों के पैसे लूटने वाले को विदेशों से भी खींच-खींचकर सजा दिलाने में अहम भूमिका निभा रही है। मुंडा ने कहा कि देश किसी भी तरह के हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा। जो देश के ऊपर हमला करेगा या करने की सोचेगा, उसे घर में घुसकर मारने की क्षमता हमारे केन्द्र सरकार ने कर दिखाया है।
अर्जुन मुंडा मंगलवार को सिमडेगा नगर भवन में भाजपा की ओर से आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में सेना के हाथ बांध दिए जाते थे। अंतर्राष्ट्रीय रिश्ते खराब होने की बात कहकर सेना को पीछे हटने को कह दिया जाता था। लेकिन आज मोदी सरकार ने पाकिस्तान को घर में घुसकर मारने का काम किया है। आगे भी देश नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही सुरक्षित रहेगा। मुंडा ने कहा कि पूर्व की सरकारों में गैस लेने के लिए पैरवी लगानी पड़ती थी। महीनों लोगों को लंबी कतार में खड़े रहना पड़ता था। लेकिन आज घर-घर जाकर गैस का वितरण किया जा रहा है।
इस मौके पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र के वर्तमान सांसद कड़िया मुंडा ने राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें देश की भौगोलिक रीति रिवाज व संस्कृति के बारे में कुछ भी पता नहीं है। मुंडा ने मायावती, ममता बनर्जी सहित कई नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे लोग फिर से 2019 में मोदी सरकार बनाने के लिए कमर कस लें। मुंडा ने खूंटी लोकसभा क्षेत्र से बनाए गए प्रत्याशी अर्जुन मुंडा को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
This post has already been read 6893 times!